राजस्थान

पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह का निधन, राजस्थान में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा

anshuman-singh

जयपुरः राजस्थान के पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह का सोमवार को निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। उनके निधन पर सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। पूर्व राज्यपाल सिंह के निधन के बाद राज्य में सोमवार को सरकारी स्तर पर आयोजित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। पूर्व राज्यपाल सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राज्यपाल कलराज मिश्र समेत विभिन्न हस्तियों ने शोक प्रकट किया है। पूर्व न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह ने 16 जनवरी, 1999 को राजस्थान के राज्यपाल का पदभार संभाला था और 13 मई 2003 तक इस पद पर रहे। इससे पहले वे गुजरात के राज्यपाल भी रहे थे।

उनका जन्म 7 जुलाई, 1935 को इलाहाबाद में हुआ। वर्ष 1957 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की और कानून के क्षेत्र में गहरी रूचि के कारण 22 वर्ष की आयु में ही जिला न्यायालय इलाहाबाद में वकालत शुरू की। वे वर्ष 1976 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सरकारी वकील के रूप में नियुक्त हुए थे। साल 1984 में वे इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त हुए। वे 1994 में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में राजस्थान उच्च न्यायालय में स्थानान्तरित किए गए थे। वर्ष 1994 से 1997 तक उन्होंने चार बार कार्यवाहक राज्यपाल के रूप में भी पदभार ग्रहण किया। राज्यपाल कलराज मिश्र ने पूर्व राज्यपाल सिंह के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के निधन पर हार्दिक संवेदना। न्यायपालिका और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

यह भी पढ़ेंःलंबे समय बाद रिया चक्रवर्ती ने तस्वीर शेयर कर कहा-मेरा विश्वास,...

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पूर्व राज्यपाल सिंह के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा कि राजस्थान व गुजरात के राज्यपाल के रूप में कार्य करने वाले न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। भगवान इस नुकसान को सहन करने के लिए परिजनों को शक्ति दें। पूर्व राज्यपाल सिंह के निधन पर गहलोत सरकार ने राज्य में सोमवार को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया।