प्रदेश हरियाणा

पूर्व मुख्यमंत्री बोले- अंबानी-अडानी जैसे लोगों की जेब में जा रहा देश का पैसा

Former Chief Minister said - country's money going
Former Chief Minister said - country's money going   फरीदाबादः इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। अगले साल होने वाले चुनाव में जनता इस तानाशाही सरकार को जरूर सबक सिखाएगी। इनेलो ही आज एक मात्र ठोस और मजबूत विकल्प है। श्री चौटाला शुक्रवार को परिवर्तन पदयात्रा के दौरान समर्थकों से रूबरू हो रहे थे। ओमप्रकाश चौटाला ने वर्तमान सरकार को जुमलों की सरकार बताते हुए कहा कि आज विकास कार्य ठप पड़े हैं। प्रदेश में स्थिति चिंताजनक हो गई है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अस्पतालों में न डॉक्टर हैं और न दवाएं। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि विकास के नाम पर एक नई ईंट भी नहीं रखी गई। स्कूलों में मास्टर नहीं है। नफरत फैलाई जा रही है और इसकी आड़ में लोगों को लूटा जा रहा है। टैक्स पर टैक्स लगाया जा रहा है। देश का पैसा अंबानी-अडानी जैसे मुट्ठी भर लोगों की जेब में जा रहा है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हमारे शासन में जो सड़कें बनी थीं, वे बदहाल हो गई हैं। पेंशन के लिए बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। जनता का भला अगर कोई कर सकता है तो वो इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी ही है। ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है, हम किसी का विरोध नहीं करते और न ही हमारा कोई राजनीतिक हित है। हम चार हैं। देवीलाल के सपनों को साकार करने के लिए वह लोगों के कल्याण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लोगों को जोड़ने के लिए गांव-गांव परिवर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी अच्छा काम किया है, भविष्य में और अच्छा काम करेंगे। सरकार की लापरवाही से बुजुर्गों की पेंशन में कटौती की गई है, इनेलो सरकार आने पर बुजुर्गों की काटी गई पेंशन का पैसा ब्याज सहित दिया जाएगा। महिलाओं के सम्मान के लिए अलग से पेंशन की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, पढ़ाई के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी और न ही किताबों का कोई खर्चा होगा। पढ़ने वाले बच्चे के बीमार पड़ने पर उसका नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अच्छा पद दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनेलो के शासन के दौरान वह खुद लोगों के बीच जाते थे और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करते थे। आज यह सरकार लोगों की नहीं सुन रही है। निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने को विवश हैं। किसान, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर सभी वर्ग इस सरकार से निराश हैं। प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)