प्रदेश महाराष्ट्र

मुंबई में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सीएम बोले-पीड़ितों को शीघ्र पहुंचाएं मदद

Train services suspended as the station track gets flooded with rainwater due to heavy rainfall

मुंबईः मुंबई, पालघर और कोल्हापुर समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में शनिवार शाम से रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कोल्हापुर जिले में बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए गुरुवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीम पहुंच चुकी हैं। इनमें से एक टीम कोल्हापुर शहर में और दूसरी टीम जिले की शिरोल तहसील में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। कोल्हापुर जिले के खराब हो रहे हालात के मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुटने का आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि भले ही इसके लिए हेलीकाप्टर का इस्तेमाल करना पड़े तो बेहिचक किया जाए और हर बाढ़ पीड़ित को संकट से बाहर निकाला जाए। राज्य के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ठाकरे ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलाधिकारियों से चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी कीमत पर राज्य के बाढ पीड़ितों को बचाया जाना जरूरी है। भले ही इसके लिए हेलीकाफ्टर ही क्यों न उपयोग में लगाना पड़े। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित जिलों में तत्काल हर तरह की मदद मुहैया करवाने का आदेश जारी किया है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में शनिवार शाम से ही रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से ठाणे, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर आदि जिलों में नदियों का पानी शहरों में घुस गया है।

यह भी पढ़ेंःजम्मू कश्मीर में बदले ये नियम, बेटियों के लिए बड़ी राहत

कोल्हापुर में पंचगंगा खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। पंचगंगा नदी का पानी कोल्हापुर शहर एवं शिरोल में लोगों के घरों में घुस गया है। पूरा जिला बाढ़ की चपेट में आ गया है। यहां कई गांव चारों तरफ पानी से घिर गए हैं। जिला प्रशासन यहां बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहा है। मुंबई से राज्य सरकार ने एनडीआरएफ और नौसेना की टीम को घटनास्थल पर भेजा है। यहां एनडीआरएफ और नौसेना की टीम राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। रत्नागिरी जिले में बारिश का पानी शहर में घुस गया है। सिंधुदुर्ग जिले में भी कई नदी-नाले उफान पर हैं। इसके कारण जिले में बाढ़ आ गई है। चिपलुन शहर में बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस गया है। इसी तरह कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। यहां नौसेना की टीम लोगों का बचाने का प्रयास कर रही है। इसी तरह कल्याण, बदलापुर, बांगनी में भी उल्हास नदी एवं बालधुनि नदी का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। यहां भी प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव का काम जारी है।