ब्लाॅक प्रमुख चुनाव के दौरान फायरिंग से मचा हड़कंप, पुलिस कर रही घटना से इनकार

बलियाः जिले के 17 में से आठ ब्लाॅकों में प्रमुख पद का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। जबकि नौ ब्लाॅकों में कड़ा मुकाबला है। शनिवार को इन ब्लाॅकों की प्रमुख पद हथियाने के लिए हो रहे मतदान के दौरान लक्ष्मणपुर चौराहे के पास फायरिंग की खबर से हड़कम्प मच गया। जानकारी होने पर एसपी विपिन ताडा भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, पुलिस गोली चलने की घटना से इनकार कर रही है।

बैरिया, मुरलीछपरा, नावानगर, पंदह, दुबहड़, गड़वार, चिलकहर और बेरुआरबारी में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। जबकि नौ ब्लाॅकों में कांटे का मुकाबला है। जिसके लिए शनिवार को ग्यारह बजे से मतदान शुरू हुआ। सबसे कांटे का मुकाबला सोहांव ब्लाॅक में है। यहां भाजपा से उमेश प्रताप सिंह, सपा से भाग्यमनी देवी व निर्दल ऊषा सिंह मैदान में हैं। बीते दिनों ऊषा सिंह के समर्थक विजय सिंह बागी और उमेश प्रताप सिंह के बीच चली तनातनी के मद्देनजर पुलिस खासी सतर्क है। बावजूद इसके सोहांव ब्लाॅक से दो किमी दूर लक्ष्मणपुर चौराहे पर फायरिंग से दहशत फैल गई। एक स्कार्पियो का टायर फटा देख लोगों को लगा कि गोली इसी में लगी है।

यह भी पढ़ेंःइमरान हाशमी के बॉडी ट्रांसफार्मेशन को देख हो जाएंगे हैरान, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर

जानकारी होने पर एसपी भी मयफोर्स पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मतदान केन्द्र का भी निरीक्षण किया। नरही थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि गोली चलने की घटना नहीं हुई है। न ही किसी ने कोई शिकायत की है। एसपी विपिन ताडा सोहांव का निरीक्षण करने के बाद बेलहरी ब्लाॅक के मुख्यालय सोनवानी पहुंचे। एसपी ने सभी मातहतों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।