प्रदेश उत्तर प्रदेश

अलसी के प्रति किसान बदलें अपना नजरिया, तिलहन में मानी जाती है यह बहुमूल्य फसल

alsi_compressed

लखनऊः कभी बारिश के दौरान बोई जाने वाली फसलों में अलसी को महत्वपूर्ण स्थान मिलता था, लेकिन इसके प्रति अब लगाव कम हो रहा है। धीरे-धीरे खेतों से यह नदारद होने लगी है। यदि यही हाल और दस साल तक बना रहा तो अलसी लखनऊ से विलुप्त हो जाएगी। यह चिंता बख्शी का तालाब निवासी कृषि विशेषज्ञ व प्रो. जितेंद्र सिंह ने व्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि गोमती नदी के किनारे आज इमारतें बनी हैं। यहां कभी खेती हुआ करती थी और उसमें अलसी बोई जाती थी। यह बहुउद्देशीय फसल मानी जाती रही है। अलसी की मांग कम होने लगी है। हालांकि, यह आज भी बहुमूल्य तिलहन फसल है। इसका उपयोग कई उद्योगों के साथ दवाइयां बनाने में भी किया जाता है। अलसी को कई रूपों में उपयोग किया जाता है। इसके बीज से निकाला गया तेल दवाएं बनाने में काम आता है। यही नहीं, घर को सजाने से लेकर वस्तुओं की रंगाई में भी इसके तेल का उपयोग किया जाता है। अलसी के तेल से पेंट्स, वार्निश, पैड इंक व प्रिटिंग प्रेस का कलर तैयार किया जाता है। यदि दवाओं की बात करें तो इसके बीज का चूर्ण बांटकर बांधने से किसी भी अंग में चोट व सूजन दूर करने के काम आता है।

ये भी पढ़ें..इंडोनेशिया में 5.6 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, 44 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा घायल

हैरान करने वाली बात यह है कि कभी बख्शी का तालाब पर इसे प्रमुख फसल के रूप में बोया जाता था, पर आज यहां भी इसे किसान बोने से बच रहे हैं। यह हाल इन परिस्थितियों में है, जब सरकार किसानों की आय बढ़ाने की बात कर रही है। किसान विशेषज्ञ कहते हैं कि अलसी की खली दूध देने वाले जानवरों के लिए पशु आहार के रूप में उपयोग की जाती है। पौधों के पौषक तत्वों के लिए भी इसका उपयोग खाद के रूप में किया जाता है। इसके बाद भी किसानों ने अलसी से दूरियां बना ली हैं। इसका परिणाम ही है कि अलसी का तेल महंगा हुआ है। यही नहीं, इससे बनने वाली वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं।

अलसी की खेती के लिए अच्छी है भूमि -

फसल के लिये दोमट मिट्टी अच्छी होती हैं। यह मिट्टी हमारे यहां काफी मात्रा में मिलती है। इसके लिए उचित जल एवं उर्वरक व्यवस्था करनी होती है। कुछ ऐसे भी स्थान हैं, जहां पर किसी भी प्रकार की मिट्टी में इसे उपजाया जा रहा है। अलसी में भूमि जनित एवं बीज जनित रोग लगते हैं। माना जा रहा है कि कुछ किसान इसीलिए इसे बोने से बच रहे हैं, साथ ही इसका घरेलू उपयोग कम है। हालांकि, यदि बीज बोने के समय ही दवा का छिड़काव कर दिया जाए तो अलसी की फसल काफी लाभदायक बन सकती है।

  • शरद त्रिपाठी की रिपोर्ट

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…