प्रदेश बिहार क्राइम

बवाल के चलते चुनाव आयोग ने मुंगेर के डीएम और पुलिस अधीक्षक को हटाया

Violence, arson, demonstrations

मुंगेरः मुंगेर में लगातार हो रहे बवाल और लोगों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए चुनाव आयोग ने मुंगेर के जिलाधिकारी राजेश मीणा और पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही नए डीएम और एसपी की तैनाती कर दी गई है। चुनाव आयोग ने इस पूरे मामले की जांच मगध प्रमंडल के कमिश्नर असंगबा चुबा को सौंप दी है। वह अपनी रिपोर्ट सात दिन के अंदर आयोग को सौपेंगे।

उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के दौरान मुंगेर में विसर्जन को जा रहे भक्तों के बीच भगदड़ मच गई। उसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। तब भी हालात काबू में नहीं आए तो पुलिस ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस के प्रति लोगों में आक्रोश भर उठा। इलाके में भारी तनाव फैल गया।

यह भी पढ़ेंः-बिहार : मुंगेर में फिर भड़का लोगों का आक्रोश, थाने पर पथराव कर लगाई आग

उसी का नतीजा है कि गुरुवार को इस घटना के विरोध में पूरे शहर ने बंद रखा और जगह-जगह प्रदर्शन किया गया। कई जगह आज आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं। मामले पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए डीएम और एसपी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।