गर्मियों के मौसम में फ्रिज नहीं मिट्टी के घड़े का पानी पियें, बीमारियां रहेंगी दूर

नई दिल्लीः गर्मियों का मौसम आते ही लोग शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए फ्रिज के ठंडे पानी का सेवन करने लगते है। लेकिन फ्रिज का पानी सेहत को काफी नुकसान पहुंचाता है। इससे कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी होने लगती है। ऐसे में गर्मियों के दिनों में ठंडा पानी पीने के लिए मिट्टी से बने घड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है। मिट्टी में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के कई गुण पाये जाते हैं। मिट्टी के घड़े में पानी पाने से कई और भी फायदे होते हैं। घड़े का पानी पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी इजाफा होता है। प्लास्टिक की बोतल में पानी रखने से उसमें कई तरह की अशुद्धियां इकट्ठी हो जाती हैं जो स्वास्थ्य के लिए हितकर नहीं होती है।

एनीमिया से जूझ रहे लोगों को तो जरूर मिट्टी के घड़े का पानी पीना चाहिए क्योंकि मिट्टी में आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसलिए घड़े का पानी पीने से शरीर में आयरन की कमी भी पूरी होती है और एनीमिया की बीमारी भी दूर हो जाती है। घड़े का पानी नियमित रूप से पीने से चेहरे पर भी चमक आती है। इससे चेहरे पर होने वाले फुंसी और मुंहासे भी खत्म हो जाते है।

यह भी पढ़ेंःकेजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला, 72 लाख लोगों को मुफ्त राशन,…

इसके साथ ही आर्थराइटिस की बीमारी से परेशान लोगों के लिए यह वरदान से कम नही है। मिट्टी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाये जाने के चलते यह शरीर में दर्द, ऐठन और सूजन जैसी समस्याओं से राहत देता है। मिट्टी के घड़े का पानी रोजाना पीने से गर्मियों के दिनों में लू लगने की समस्या भी नही होती है। मिट्टी के घड़े में मौजूद विटामिन और खनिज शरीर के ग्लूकोज के स्तर को बनाए रखने में मदद करते हैं। जिससे शरीर ठंडा रहता है। वहीं किसी व्यक्ति को अगर गैस या पेट संबंधी समस्या है तो उसके लिए मिट्टी के घड़े का पानी औषधि की तरह कार्य करता है। घड़े के पानी का सेवन गैस की समस्या से निजात दिलाता है।