प्रदेश उत्तर प्रदेश क्राइम

युवक ने पत्नी-पुत्री के साथ पिया जहरीला पेय पदार्थ, दंपति की मौत, बेटी की हालत नाजुक

kushinagar-min

कुशीनगरः जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम अमवा श्री दूबे में परिवार के सदस्यों ने मंगलवार रात जहरीला पेय पी लिया। हालत बिगड़ने पर उनको फाजिलनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में पति की मृत्यु हो गई तो बुधवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। पुत्री की हालत गंभीर बनी हुई है। बेटे और बहू की मृत्यु से सदमे में आए वृद्ध पिता की हालत भी गंभीर है। उन्हें गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय रामप्रवेश गुप्ता की तीन संतानें हैं। बड़ा बेटा अजीत कुमार गुप्त पहले मुंबई में रोजगार करता था। दूसरा पुत्र गोलू विदेश में रहता है। तीसरा पुत्र अमन पुणे में रहता है। छह वर्ष पूर्व अजीत को इंसेफेलाइटिस हुआ था। काफी उपचार के बाद वह ठीक तो हुआ, लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ रहता था। कोरोना काल में रोजगार छिन जाने के कारण एक वर्ष से वह पत्नी 32 वर्षीय सिंधू, 10 वर्षीय पुत्री नंदिनी एवं आठ वर्षीय पुत्र अंशु के साथ घर रह रहा था। रोजगार नहीं मिलने के कारण परिवार आर्थिक तंगी का शिकार था।

ये भी पढ़ें..छत्तीसगढ़: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव ने तानाशाह किम जोंग से की...

मंगलवार शाम पति-पत्नी घर वालों से दवा खरीदने की बात कह कर घर से निकले थे। देर शाम ठंडा पेय पदार्थ की बोतल लेकर लौटे। आठ वर्षीय पुत्र अंशु के अनुसार पिता ने सबको कमरे में बुलाकर फाटक बंद कर लिया। ठंडे की बोतल में जहरीला पदार्थ मिलाकर अजीत ने सबको पिला दिया। पत्नी ने मना किया तो उसे और पुत्री को उसने जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर खुद भी पी लिया। अंशु किसी तरह अपने को छुड़ाकर भाग गया। इस घटना में दंपति की मृत्यु हो गई। घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि दंपति ने पुत्री के साथ कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पीया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)