IND vs SA: टी-20 क्रिकेट में अर्धशतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बने कार्तिक

दिनेश कार्तिक
दिनेश कार्तिक

नई दिल्लीः दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 55 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेल भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिनेश कार्तिक ने एक विशेष उपलब्धि हासिल कर ली है। कार्तिक पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। 37 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज ने शुक्रवार को भारत के लिए खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपना पहला अर्धशतक बनाया। कार्तिक ने महज 27 गेंदों में 55 रन बनाए।

ये भी पढ़ें..UP Board Result 2022: यूपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, कानपुर के प्रिंस पटेल ने किया टॉप

16 साल के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर में पहला अर्धशतक

37 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपने 16 साल के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर में पहला अर्धशतक लगाया। भारतीय टीम एक समय 12.5 ओवर के बाद 81 रनों पर 4 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या ने केवल 33 गेंदों में 65 रन की साझेदारी कर भारतीय टीम को 169 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। पांड्या ने केवल 31 गेंदों पर 46 रन बनाए, जबकि कार्तिक ने 27 गेंदों पर 55 रन बनाए।

इस अर्धशतक के साथ ही कार्तिक टी-20 क्रिकेट में 50 रन का आंकड़ा पार करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बन गए। उन्होंने 37 साल, 16 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया। वहीं धोनी ने 36 साल, 229 दिन की उम्र में 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही 50 रनों की पारी खेली थी। तीसरे सबसे उम्रदराज शिखर धवन हैं जिन्होंने 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 साल, 1 दिन में यह उपलब्धि हासिल की।

कार्तिक भारत के लिए छठे नंबर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के ही खिलाफ 2018 में छठे नंबर पर खेलते हुए 28 गेंद पर 52 रन बनाए थे। तब उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)