दिग्विजय ने सिंधिया पर साधा निशाना,पूछा- क्या हम महाराजा तंत्र की ओर जा रहे हैं

भोपालः मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हो रहे उपचुनावों के लिए चुनाव प्रचार जोर-शोर से जारी है। भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनावी सभाओं में एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस चुनाव प्रचार से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार भाजपा पर हमला कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा है कि – ‘क्या हम अब “लोकतंत्र से महाराजातंत्र” की ओर जा रहे हैं? क्या भारत में सदियों बाद जनता को मिली आजादी को समाप्त करना है?

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को ट्वीट पर ज्योतिरादित्य का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि ‘यह चुनाव ना कांग्रेस का है, ना भाजपा का है, यह चुनाव महाराजा सिंधिया का है।’ सिंधिया का यह वीडियो गुना जिले में दो दिन पूर्व हुई एक चुनावी सभा का है, जिसे दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इसके साथ ही उन्होंने ट्वीट किया है कि – ‘सिंधिया जी का कथन-“यह चुनाव ना कांग्रेस का है ना भाजपा का है यह चुनाव महाराजा सिंधिया का है।” ‘क्या हम अब “लोकतंत्र से महाराजातंत्र” की ओर जा रहे हैं? क्या भारत में सदियों बाद जनता को मिली आजादी को समाप्त करना है?’

यह भी पढ़ेंः-फिल्म ‘दुर्गावती’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं भूमि पेडनेकर, कहीं ये बातें..

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर हो रहे उपचुनावों के लिए आगामी तीन नवम्बर को मतदान होगा। इन 28 सीटों में अधिकांश सीटें ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र की हैं, जिन पर सिंधिया का अच्छा खासा प्रभाव है। यहां सिंधिया लगातार चुनावी सभाएं करते हुए कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं।