दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे दिग्विजय सिंह, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों का लेंगे जायजा

digvijay-singh
दिग्विजय सिंह

जम्मूः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जम्मू-कश्मीर में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को जम्मू पहुंचे। कांग्रेस के अनुसार कन्याकुमारी से राहुल गांधी की अगुवाई वाली यात्रा के जनवरी के तीसरे सप्ताह में केंद्र शासित प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।

ये भी पढ़ें..चीनी झड़प के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर संसद में जोरदार हंगामा, विपक्ष ने किया वॉकआउट

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने बताया कि यात्रा की तैयारियों को देख रहे राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह का पूर्व मंत्री योगेश साहनी के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जम्मू हवाईअड्डे पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भानु चिब और सेवा दल के प्रमुख साहिल सिंह लंगेह भी हवाईअड्डे पर मौजूद थे। कांग्रेस पार्टी ने बताया कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम चरण के दौरान जम्मू और कश्मीर में आठ दिन बिताएंगे। यह यात्रा 7 सितम्बर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान में। प्रदेश में आज यात्रा का 10वां दिन है बुधवार सुबह 6 बजे यात्रा शुरू होने के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई अन्य नेता राहुल गांधी के साथ चल रहे थे। यात्रा में आज आरबीआई के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन जुड़े हैं। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे।

बता दें कि यात्रा आज सुबह छह बजे सवाई माधोपुर के भाडोती से शुरू हुई और सुबह 10 बजे बामनवास के बाढ़ श्यामपुरा टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। इसके बाद यात्रा दोपहर 3:30 शुरू होगी और शाम 6:30 बजे दौसा जिले के लालसोट के बगड़ी गांव चौक में नुक्कड़ सभा के साथ संपन्न होगी, यहीं पर बिलोना कलां में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)