डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की फिर बिगड़ी तबीयत, दिल्ली एम्स में भर्ती

नई दिल्लीः डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में भर्ती कराया गया है। एम्स सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राम रहीम को पेट में दर्द के चलते यहां भर्ती कराया गया है। यहां उनका एंडोस्कोपी कराया जाएगा और उपचार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आठ जून को राम रहीम कोरोना संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीते दिनों उन्होंने पेट दर्द को लेकर शिकायत की थी। जिसके बाद रोहतक में उपचार कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली एम्स ले जाने की सलाह दी। जिसके बाद उन्हें आज दिल्ली एम्स लाया गया। वह फिलहाल रोहतक की सुनारिया जेल में बंद थे। वो बलात्कार और पत्रकार की हत्या के मामले में सजा काट रहे हैं।

यह भी पढे़ंः-कृति सेनन की अपकमिंग मूवी ‘मिमी’ का ट्रेलर रिलीज, इस दिन ओटीटी प्लेटफार्म पर देगी दस्तक

इससे पहले छह जून को स्वास्थ्य कारणों के चलते उसको पुलिस की एक टीम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लेकर गई थी, जहां चार दिन उपचार चला। मेदांता अस्पताल में राम रहीम का दो बार कोरोना टेस्ट हुआ। पहले टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वीरवार को जांच पड़ताल के बाद अस्पताल की ओर से राम रहीम को छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पुलिस उसे लेकर रोहतक आ गई थी।