प्रदेश Featured पंजाब राजनीति

अमरिंदर के करीबी रहे मंत्री की मांग, चन्नी को बनाएं मुख्यमंत्री का चेहरा

चंडीगढ़: कांग्रेस हाईकमान द्वारा एक वीडियो में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को प्रमोट किए जाने के बाद पंजाब में नए राजनीतिक समीकरण बनने शुरू हो गए हैं। पंजाब में अमरिंदर सिंह की सरकार में नंबर दो पर मंत्री रहे ब्रह्म मोहिंद्रा ने कांग्रेस हाईकमान से मांग की है कि चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया जाए।

चन्नी सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रहे ब्रह्म मोहिंद्रा के बेटे मोहित मोहिंद्रा का टिकट पार्टी ने काट दिया है। ब्रह्म मोहिंद्रा पंजाब के दिग्गज कांग्रेसी नेता हैं और उनकी गिनती कैप्टन अमरिंदर सिंह के सबसे करीबियों में होती रही है। आज यहां पत्रकारों से बातचीत में ब्रह्म मोहिंद्रा ने कहा कि वह पिछले पांच साल से मंत्री हैं। चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने 111 दिन के कार्यकाल के दौरान कई ऐसे फैसले लिए हैं जो पिछले साढ़े चार साल से लंबित थे।

यह भी पढ़ेंः-भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची में 10 नये चेहरों को टिकट, देखिए पूरी लिस्ट

मोहिंद्रा ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी ने बहुत कम समय में पंजाब वासियों के दिलों में अपनी जगह बनाई है। कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में किसी प्रकार की टिप्पणी से इनकार करते हुए ब्रह्म मोहिंद्रा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान को चाहिए कि वह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करके पंजाब वासियों के सामने जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर चन्नी को सीएम चेहरा घोषित किया जाएगा तो यकीनन पंजाब में कांग्रेस की सरकार दोबारा आएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)