दिल्ली शराब घोटाला: अभिषेक और विजय नायर की जमानत को CBI ने हाई कोर्ट में दी चुनौती

शराब

नई दिल्लीः सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाला मामले के आरोपित विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली को ट्रायल कोर्ट से मिली जमानत को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। हाई कोर्ट सीबीआई की अर्जी पर 24 नवम्बर को सुनवाई करेगा। दरअसल, 14 नवम्बर को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने विजय नायर औऱ अभिषेक बोइनपल्ली को जमानत दी थी।

ये भी पढ़ें..मृतक पुत्र के स्पर्म के फ्रोजन सैम्पल न देने पर अस्पताल के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचा दम्पति

दोनों आरोपित अभी न्यायिक हिरासत में हैं क्योंकि उनके खिलाफ दिल्ली शराब घोटाला मामले में ही ईडी की ओर से दर्ज केस चल रहा है। ईडी ने दोनों को 13 नवम्बर को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने इस मामले में 27 सितंबर को विजय नायर को गिरफ्तार किया था। विजय नायर मुंबई स्थित वनली मच लाउडर नामक कंपनी का पूर्व सीईओ है।

नायर आम आदमी पार्टी का कम्यूनिकेशन इंचार्ज है। अभिषेक बोइनपल्ली को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई के मुताबिक अभिषेक ने नवम्बर 2021 से लेकर जुलाई 2022 तक दिल्ली में आबकारी नीति के लागू होने के पहले हवाला के जरिये सह-आरोपी विजय नायर को और दिनेश अरोड़ा को पैसे ट्रांसफर किए थे। जो पैसे सह-आरोपी समीर महेंद्रू के खाते में आए वो अभिषेक के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)