Home महाराष्ट्र Maharashtra New Governor: सीपी राधाकृष्णन बने महाराष्ट्र के नए राज्यपाल

Maharashtra New Governor: सीपी राधाकृष्णन बने महाराष्ट्र के नए राज्यपाल

C.P.-Radhakrishnan

Maharashtra New Governor, मुंबई: वरिष्ठ राजनीतिज्ञ सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को यहां राजभवन में महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली। 1960 में राज्य के गठन के बाद से वे राज्य के 21वें राज्यपाल हैं। इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल थे। बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने एक भव्य समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार तथा अन्य मंत्री और शीर्ष नागरिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

इससे पहले झारखंड के रहे राज्यपाल

पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के स्थान पर नियुक्त नए राज्यपाल को भारतीय नौसेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इससे पहले वे करीब 18 महीने तक झारखंड के राज्यपाल रहे। उन्हें तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया। कुछ समय के लिए वे पुडुचेरी के उपराज्यपाल भी रहे। 4 मई 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे राधाकृष्णन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक हैं। उन्हें अपने गृह राज्य में चार दशकों से ज़्यादा का राजनीतिक अनुभव है।

ये भी पढ़ेंः- कोचिंग संस्थानों पर नकेल करने की तैयारी में केजरीवाल सरकार, छात्रों से मांगे सुझाव

राजनीतिक करियर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से शुरुआत करते हुए वे 1974 में भाजपा के पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य बने। वे 1996 में तमिलनाडु भाजपा के सचिव बने और 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 2004 में न्यूयॉर्क में संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया। वे 2004-2007 तक तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष रहे।

उस समय उन्होंने नदियों की माला परियोजना, आतंकवाद को समाप्त करने, समान नागरिक संहिता, नशीली दवाओं की समस्या और अस्पृश्यता उन्मूलन जैसे सामाजिक मुद्दों जैसे विभिन्न सार्वजनिक और सामाजिक कारणों के लिए 19 हज़ार किलोमीटर लंबी रथ यात्रा की। विभिन्न पार्टी और आधिकारिक पदों पर रहने के बाद, राधाकृष्णन को फरवरी 2023 में झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version