प्रदेश उत्तर प्रदेश

कांग्रेस को लगा करारा झटका, शिवपाल सिंह यादव के रथ पर सवार हुए प्रमोद कृष्णन

12hs01_19

मथुराः प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने मंगलवार को वृंदावन ठाकुर बांके बिहारी के दर से चुनावी शंखनाद करते हुए सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा निकाली। इस दौरान कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका भी लगा है। कांग्रेस के फायर ब्राण्ड नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने प्रसपा के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव के साथ रथ पर बैठे हुए दिखाई दिए। इतना ही नहीं उन्होंने शिवपाल यादव को गदा भी भेंट की। हालांकि उनकी प्रसपा में शामिल होने की अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस मौके पर प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। चाहे कानून व्यवस्था हो या बेरोजगारी हर मुद्दे पर सरकार की नाकामी सामने आ रही है। लखीमपुर खीरी में किसानों को भाजपा के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने गाड़ी से कुचल दिया। इसीलिए अब समय आ गया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंका जाए।

यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात कर उन्हें गदा भेंट की तथा उनके साथ रथ सवारी की और कई विषयों पर गहन चर्चा की। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपीएल) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को मथुरा से अपनी ‘सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा’ शुरू की। रथयात्रा शुरू करने से पहले शिवपाल ने बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। जहां गोस्वामियों ने उनको पटुका पहनाकर स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि हम सत्ता परिवर्तन के लिए ही परिवर्तन रथ यात्रा निकाल रहे हैं। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होकर ही रहेगी। ठाकुर बांकेबिहारी महाराज से रथयात्रा के सफल आयोजन के लिए मनौती मांगने आए हैं। उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा हिंसा की घटना के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी उन्हीं के अधीन हैं।

यह भी पढ़ें-उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी 20 करोड़ 40 लाख के...

पार्टी के वरिष्ठ नेता और लखनऊ से लोकसभा चुनाव लड़ चुके प्रमोद कृष्णन मंगलवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की सामाजिक परिवर्तन यात्रा के रथ पर सवार हो गए। प्रमोद कृष्णन ने बताया कि राजनीति सम्भावनाओं का क्षेत्र है, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि उत्तर प्रदेश की सरकार को हटाने के लिए समान विचारधारा के लोग एक साथ आकर प्रदेश को इस अधार्मिक, अनैतिक, असंवैधानिक, अलोकतांत्रिक, तानाशाही सरकार को 2022 में उखाड़ फेंकेंगे। इधर, कृष्णन ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव से जो उम्मीद थी उस पर वे खरे नहीं उतरे हैं, यही कारण है कि वे जमीन पर कहीं नजर नहीं आ रहे। शिवपाल यादव रथ में सवार होकर मथुरा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग से आगरा के लिए रवाना हो गए। शिवपाल की यात्रा सात चरणों में होगी और पहले चरण में आगरा, औरैया, इटावा से होकर गुजरेगी। अखिलेश के साथ गठबंधन की उनकी उम्मीदें धराशायी होने के बाद शिवपाल ने अपनी यात्रा शुरू करने का फैसला किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)