कांग्रेस को बड़ा झटका, दिग्विजय खेमे की वरिष्ठ नेता मोना सुस्तानी भाजपा में शामिल

भोपाल: मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टियों में नेताओं की अदला-बदली का सिलसिला शुरू हो गया है। हाल ही में अशोकनगर से भाजपा नेता यादवेंद्र यादव कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस को आज बड़ा झटका लगा है। दिग्विजय सिंह की करीबी मानी जाने वाली कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोना सुस्तानी बीजेपी में शामिल हो गई हैं।

रविवार को भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और हितानंद शर्मा भी मौजूद रहे। इसके अलावा बसपा की पूर्व विधायक उषा चौधरी और भाजपा से निष्कासित विधायक प्रीतम लोधी ने फिर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकीं और कांग्रेस की कार्यकारी जिलाध्यक्ष रहीं मोना सुस्तानी के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मोना सुस्तानी को कांग्रेस पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए नॉमिनेट किया था। उनका सामना तत्कालीन बीजेपी सांसद रोडमल नागर से हुआ था। हालांकि इस चुनाव में मोना सुस्तानी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें-अतीक अहमद को लेकर साबरमती जेल से रवाना हुई यूपी पुलिस, 28 मार्च को…

मोना सुस्तानी राजगढ़ से विधायक और एमपी एग्रो के पूर्व अध्यक्ष गुलाब सिंह सुस्तानी की बहू हैं. मोना सुस्तानी के पति ललित मोहन सुस्तानी भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उनका पूरा परिवार कांग्रेस पार्टी से विभिन्न पदों पर रहकर लगभग तीन पीढ़ियों से जनता की सेवा कर रहा है, वहीं यह परिवार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खास कार्यकर्ताओं और मुलाकातियों में से एक है. चूंकि राजगढ़ जिला दिग्विजय सिंह का गढ़ माना जाता है, ऐसे में मोना सुस्तानी के कांग्रेस छोड़ने से बीजेपी को सीधा फायदा होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)