Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री, त्रिकोणीय हुआ मुकाबला, आज नामांकन का आखिरी दिन

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव और भी दिलचस्प गया है । शशि थरूर, दिग्विजय सिंह के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी पार्टी चुनाव में उतर गए हैं। अब ये मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। हालांकि अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज नामांकन की आखिरी तारीख है। मिली जानकारी के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें..Punjab: बंबीहा गैंग का मुख्य शूटर नीरज चस्का गिरफ्तार, 7 मर्डर केसों में था वांटेड

दिग्विजय सिंह दौड़ से होंगे बाहर

बताया जा रहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले दिन में, कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि खड़गे का नाम सामने आने के बाद दिग्विजय सिंह अब दौड़ से हट सकते हैं। बता दें कि गुरुवार की देर रात मनीष तिवारी, भूपिंदर सिंह हुड्डा, पृथ्वीराज चव्हाण समेत जी-23 नेताओं ने आनंद शर्मा के आवास पर मुलाकात की, लेकिन बैठक का ब्योरा नहीं दिया।

दरअसल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को घोषणा की थी कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। मध्य प्रदेश में राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के पार्टी अध्यक्ष बनने की राह कुछ हद तक साफ नजर आ रही है। हालांकि, अंतिम परिणाम प्रतियोगियों द्वारा नामांकन दाखिल करने और चुनाव होने के बाद ही पता चलेगा। वहीं दिग्विजय सिंह की दावेदारी पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा है कि हम दोस्तों की तरह पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे हैं, ना कि दुश्मनों की तरह। उन्होंने कहा कि अच्छी बात ये है कि पार्टी चुनावमें अब एक से ज्यादा कैंडिडेट हैं।

दिग्विजय के समर्थन में एमपी कांग्रेस एकजुट

दिग्विजय सिंह का समर्थन करने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस एकजुट हो गई है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि दिग्विजय सिंह ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय से नामांकन पत्र लिया और घोषणा की कि वह एआईसीसी अध्यक्ष चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल स्थित अपने आवास पर पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई और उन्हें दिग्विजय सिंह का समर्थन करने के लिए दिल्ली पहुंचने को कहा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)