छत्तीसगढ़

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने टीएस सिंहदेव से मांगी माफी, जानें क्या था मामला

Captur1

रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर आरोप लगाने वाले कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने गुरुवार की देर शाम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर नोटिस का जवाब दे दिया है। बृहस्पत सिंह ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में लिखित रूप में अपना जवाब पीसीसी महामंत्री रवि घोष को सौंप दिया। उन्होंने लिखित रूप में भी सिंहदेव से माफी मांग ली है।

बृहस्पत सिंह ने कहा कि उन्होंने सदन में ही खेद व्यक्त कर दिया था। इस पर अब वो और ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहते। प्रभारी महामंत्री रवि घोष ने कहा कि बृहस्पत सिंह का जवाब मिल गया। जवाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह को 27 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर लगाए आरोपों के खिलाफ नोटिस जारी किया था।

यह भी पढ़ें- सीमा तनाव : असम सरकार की एडवाइजरी- स्थानीय लोगों को मिजोरम जाने से किया मना

बता दें कि विधायक बृहस्पत सिंह के काफिले पर 24 जुलाई की रात हमला हुआ था। जिसके बाद 25 जुलाई को उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर मंत्री टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि मुझे जान का खतरा है। मुझ पर हमले के पीछे मंत्री टीएस सिंहदेव का हाथ है। महाराजा हैं मेरी हत्या करा सकते हैं। हत्या कराने से अगर सिंहदेव मुख्यमंत्री बन सकते हैं तो उन्हें ये पद मुबारक़ हो। मंत्री सिंहदेव कांग्रेस विधायकों का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा था कि ऐसे मंत्री को पद पर रहने का अधिकार नहीं है।