प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने बोला हमला, बोले- यूपी में भाजपा की नीतियों के कारण बदहाली

p-chitam_859-min

लखनऊः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने रविवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। चिदंबरम ने कहा कि संसाधनों की दृष्टि से बेहद संपन्न उत्तर प्रदेश में भाजपा की नीतियों के कारण बदहाली है। उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सर्वाधिक है। इसलिए प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए जनता कांग्रेस को वोट दे।

चिदंबरम ने रविवार को माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि योगी शासन का मॉडल तानाशाही, धार्मिक विद्वेष, जातिवाद, महिलाओं के प्रति हिंसा और पुलिसिया उत्पीड़न का सम्मिश्रण है। प्रदेश के लोगों को सोचना चाहिए कि वे कैसी सरकार के लिए वोट दे रहे हैं। प्रदेश को बदहाली से सिर्फ कांग्रेस निकाल सकती है। उत्तर प्रदेश के भविष्य की बेहतरी के लिए पूरी ताकत से जुटीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ अभियान ने पूरे भारत की महिलाओं को एक नई ऊर्जा दी है। प्रदेश के लोगों से निवेदन है कि वे कांग्रेस को वोट देकर एक नये युग की शुरुआत करें। चिदंबरम ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां के लोग भारत के सबसे मेहनती भी हैं, लेकिन यह गरीबी के दलदल में धंसा हुआ है। युवाओं के भविष्य के प्रति चिंता जताते हुए चिदंबरम ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे ज्यादा है। अप्रैल 2018 से 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं में बेरोजगारी दर दो अंकों में रही है जो राष्ट्रीय दर से ऊपर है।

ये भी पढ़ें..50 साल से भूमिगत रहे माओवादी नेता अल्लुंगल श्रीधरन की मौत

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों की स्थिति दयनीय है। उत्तर प्रदेश को शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए 2 लाख 77 हजार शिक्षकों की जरूरत है। यहां का छात्र-शिक्षक अनुपात सभी राज्यों में सबसे खराब है। आठ में से एक छात्र कक्षा 8 तक स्कूल छोड़ देता है। कॉलेज या विश्वविद्यालय स्तर पर सकल नामांकन अनुपात 26.3 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस समय कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। इस मौके पर ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान के 125 दिन पूरे होने के अवसर पर अभियान गीत का रीमिक्स जारी किया गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)