लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) 20 जुलाई को लखनऊ के अकबरनगर क्षेत्र से वृक्षारोपण अभियान 2024 का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री अलग-अलग जिलों में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 20 जुलाई को पूरे प्रदेश में 36.50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यह जानकारी प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने दी। वह गुरुवार को अरण्य भवन स्थित पारिजात सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
36 करोड़ पौधे लगाने का रखा लक्ष्य
डॉ. सक्सेना ने कहा कि दुनिया में मां से बढ़कर कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान में सभी को सहभागिता करनी चाहिए और मां के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश में पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने तथा बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए व्यापक जनआंदोलन के माध्यम से वृक्षारोपण कर हरित आवरण बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 26 सरकारी विभागों और आम जनता के सहयोग से वन भूमि, सामुदायिक भूमि और अन्य सरकारी भूमि, कृषि और अन्य निजी भूमि पर 36.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।
हर क्षेत्र के लोग बनेंगे हिस्सा
डॉ. सक्सेना ने बताया कि आम जनता को वृक्षारोपण के लिए वन विभाग की नर्सरियों से निशुल्क पौधे मिलेंगे। वन विभाग की नर्सरियों में नीम, सहजन, आंवला, इमली, अर्जुन, जामुन, बेल, देसी आम, महुआ, सागौन, शीशम, बांस, पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ेंः-UP Cabinet Meeting: योगी मंत्रिमंडल में होगा बड़ा फेरबदल, संगठन में भी होंगे बड़े बदलाव
लोकभारती, नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, व्यापार मंडल, किसान उत्पादक संगठन समेत कई गैर सरकारी संगठन जन अभियान ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ’ में सहयोग कर रहे हैं।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)