प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सीएम योगी बोले- सचिवालय समेत अन्य सरकारी विभागों में हो सुरक्षा के कड़े इंतजाम

cm-yogi-1

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बापू भवन सचिवालय में पिछले दिनों नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव के निजी सहायक खुद को गोली मारने की घटना से बेहद नाराज हैं। उन्होंने सचिवालय समेत सभी सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने को लेकर समीक्षा करने और इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कहा कि सचिवालय सहित सभी संवेदनशील शासकीय कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की जरूरत है। अपर मुख्य सचिव गृह, एडीजी कानून-व्यवस्था व सचिवालय प्रशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सीएम योगी ने कहा कि असलहा लेकर किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। पान-मसाला, गुटखा, तम्बाकू आदि पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए। शासकीय कार्यालयों के बाहर व भीतरी परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। महिला कर्मियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री योगी ने इसके साथ ही टीम-09 की बैठक में कोविड को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट की नीति के साथ-साथ तेज टीकाकरण की नीति से उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रित स्थिति में है। टेस्टिंग और टीकाकरण में उत्तर प्रदेश, देश में शीर्ष पायदान पर है। केवल अगस्त माह में दो करोड़ 47 लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया। विगत 24 घंटे में 15 लाख 64 हजार 168 लोगों ने वैक्सीन का सुरक्षा कवर लिया। 31 अगस्त तक सात करोड़ 31 लाख 64 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य को और तेज किए जाने के प्रयास हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है। हमें सावधान रहना होगा। अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। डेंगू के बढ़ते केस को देखते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में गहन स्वच्छता अभियान चलाया जाए। लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जाए।

यह भी पढ़ें-मायावती का बड़ा दांव: BSP के बड़े ब्राह्मण चेहरे सतीश मिश्रा...

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सतत प्रयासों से उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की स्थिति नियंत्रण में है। ताजा स्थिति के मुताबिक प्रदेश के 27 जिलों में एक्टिव केस शून्य हैं। विगत 24 घंटों में हुई दो लाख आठ हजार 106 सैम्पल की टेस्टिंग में 64 जिलों में एक भी नया मरीज नहीं पाया गया। शेष में कुल मात्र 19 नए संक्रमित पाए गए, जबकि 20 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हुए। प्रदेश में कुल एक्टिव केस की संख्या 250 है। प्रदेश की कोविड रिकवरी दर 98.6 है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बदलते मौसम को देखते हुए बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में लोग वायरल बुखार से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सर्विलांस को और बेहतर किए जाने की जरूरत है। आगामी सात से 16 सितंबर तक प्रदेशव्यापी सर्विलांस कार्यक्रम आयोजित हो। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित, कोविड के लक्षण वाले लोगों की पहचान करें। 45 वर्ष से अधिक आयु के जिन लोगों ने अब तक कोविड वैक्सीन की एक भी डोज न ली हो, उनकी सूची बनाई जाए। उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इस संबंध में सर्विलांस कर्मियों का विधिवत प्रशिक्षण भी कराया जाए। फिरोजाबाद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जाए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम जिले में कैम्प कर रही है। स्थानीय जरूरत के अनुसार चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था तत्काल करायें। लोगों को समय पर सही जानकारी मिले, इसके लिए मीडिया का सहयोग लिया जाना चाहिए। सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज में बेड की संख्या बढ़ाई जाए। दवाओं और अन्य जरूरतों की आपूर्ति कराई जाए।