प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सीएम योगी ने गाजीपुर को दी 198 करोड़ की सौगात, चुनाव में 350 से अधिक सीटें जीतने का किया दावा

yogi-4

गाजीपुरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव-2022 में 350 से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा पुनः सत्ता में आएगी। हमनें संकल्प पत्र का हर वादा पूरा किया है। प्रदेश में न सिर्फ सुशासन स्थापित हुआ है, बल्कि आज हम छठे से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने गाजीपुर जनपद के सैदपुर में टाउन नेशनल इंटर कालेज में आयोजित जनसभा में कुल 198 करोड़ रुपये के योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने 470 विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं 555 विभिन्न योजनाओं व विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा कि गाजीपुर का मेडिकल कालेज यहीं के महर्षि विश्वामित्र के नाम पर ही होगा।

मुख्यमंत्री योगी जमकर गरजे और बगैर नाम लिए उन्होंने मुख्तार पर निशाना साधा। कहा कि पूर्व की सरकारों में गुंडों ने लोगों की जमीन पर कब्जा किया था और लोगों को दबाकर रखा था। गाजीपुर, आजमगढ़ व मऊ गुंडों की पहचान होती थी। यहां के लोगों को होटल व धर्मशाला में कमरा नहीं मिलता था, लेकिन साढ़े चार वर्षों में प्रदेश की सरकार ने इन गुंडों के हौसलों को पस्त कर दिया है। अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त किया गया। योगी मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसी करनी वैसी भरनी की तर्ज पर भाजपा सरकार ने कार्य किया। कहा कि प्रदेश की सरकार ने हर वर्ग के हित को ध्यान में रखकर कार्य किया है। सैदपुर में भी भाजपा का विधायक होता तो यहां भी विकास की गंगा बहती।

यह भी पढ़ें-मां-बाप के बीच दूरी बर्दाश्त नहीं कर सकी 11वीं की छात्रा,...

उन्होंने फोरलेन व पूर्वांचल एक्सप्रेस के कार्यों की चर्चा की। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस मजबूती से कार्य किया है उसकी कोई शानी नहीं है। बगैर रुके, डिगे और थके पीएम मोदी कार्य कर रहे हैं। उसी की देन है कि आज हमारे देश से आतंकवाद खत्म होने के कगार पर है। आज अयोध्या में मनाई जाने वाली देव दीपावली विश्वविख्यात हो चुकी है। भगवान राम की जन्म स्थली के रूप में विश्व विख्यात इस धार्मिक स्थल को गरिमा के अनुरूप महत्त्व नहीं मिल सका था। वर्तमान सरकार द्वारा अयोध्या को विश्व की धार्मिक मानचित्र पर स्थापित करना एक पुनीत कर्तव्य साबित हुआ है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने भयमुक्त प्रदेश की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों द्वारा कावड़ यात्रा पर डंडे बरसाए जाते थे, जबकि आज स्थिति यह है कि कावड़ यात्रियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने के लिए धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले आज इस देश की राजनीति में हाशिए पर चले गए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)