प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री को दिया ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath arrives to attend his cabinet meeting

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘सबका साथ सबका विकास’ नीति को जनता ने सराहा है और उसी का प्रतिफल त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में देखने को मिला है।

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के आये परिणामों से गदगद मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार शाम को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव के अब तक आये परिणामों में भाजपा और उसके सहयोगी दल 825 सीटों में से 635 पर जीत दर्ज कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि देर रात तक जब सभी परिणाम आ जायेंगे, उस समय यह संख्या और अधिक हो जायेगी।

योगी ने कहा कि भाजपा ने इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 75 सीटों में से 67 पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत के जो चुनाव सम्पन्न हुए हैं, उसमें जनता ने भाजपा के प्रति अपना रुझान दिया है। उन्होंने कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र व प्रदेश की सरकारों की लोकप्रिय नीतियों के कारण ही सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत सरकार के कार्यों पर मुहर है।

मुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत के लिए पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं को भी श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से ही जनकल्याणकारी योजनाएं जनता तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने संगठन की रणनीति के तहत काम किया जिसके कारण भाजपा को पंचायत चुनाव में भारी सफलता मिली है। योगी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी ने करीब 85 प्रतिशत सीटों पर विजय हासिल की है।

योगी ने बताया कि प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख के लिये 825 सीटों पर चुनाव हुआ, जिसमें से भाजपा ने 735 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। सहयोगी पार्टी अपना दल को 14 सीट दी गई थी और 76 सीटों पर भाजपा के दो-दो उम्मीदवार चुनाव लड़े थे। इनमें से भाजपा ने अभी तक 635 सीटें जीती है। मुख्यमंत्री ने चुनाव में हुई जीत के लिए सभी विजयी उम्मीदवारों के साथ पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।