Home उत्तर प्रदेश सीएम योगी ने कहा- जजिया कर की तरह कांग्रेस और सपा लगाएगी...

सीएम योगी ने कहा- जजिया कर की तरह कांग्रेस और सपा लगाएगी विरासत टैक्स

cm-yogi-congress-and-sp-will-impose-inheritance-tax

Sonbhadra : राबर्ट्सगंज (सुरक्षित) लोकसभा सीट से एनडीए के घटक दल अपना दल एस की प्रत्याशी रिंकी कोल और दुद्धी (सुरक्षित) के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रवण गोंड के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दुद्धी के रामलीला मैदान में आम सभा की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा आएगी तो औरंगजेब की तरह हिंदुओं पर जजिया कर लगाएगी।

बाबा साहेब का अपमान कर रहा विपक्ष

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष कह रहा है कि अगर वे सत्ता में आए तो विरासत कर लगाएंगे जो औरंगजेब द्वारा हिंदुओं पर लगाए गए जजिया कर की तरह होगा। जजिया कर में कहा गया कि या तो कर चुकाओ या मुसलमान बन जाओ। आज कांग्रेस और सपा उसी राह पर चल रही हैं। ऐसा लगता है कि उनके अंदर औरंगजेब की आत्मा प्रवेश कर गयी है। सपा और कांग्रेस कह रही हैं कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग का आरक्षण मुसलमानों में बांट देंगे। ऐसा कहकर वे बाबा साहेब का अपमान कर रहे हैं। बाबा साहेब ने कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता।

देश को मजबूत बनाना आपके जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि भाजपा आम लोगों को आश्वस्त करती है कि वह किसी को भी अनुसूचित जाति एवं जनजाति के आरक्षण पर डाका नहीं डालने देगी। प्रधानमंत्री मोदी की भारतीय सभ्यता के प्रति संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि 500 साल बाद अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन सका है। मोदी ने महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान विरसा मुंडा के नाम पर वर्ष 2025 को जनजातीय गौरव वर्ष घोषित किया है। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हुआ है। पहले जगह-जगह विस्फोट होते थे और लोग मारे जाते थे लेकिन आज इस सब पर काबू पा लिया गया है। विकास आगे बढ़ रहा है। अब अगर कोई पटाखा तेजी से भी फूटता है तो पाकिस्तान सफाई देता है कि इसके पीछे उसका हाथ नहीं है। नया भारत किसी को छेड़ता नहीं लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं।

यह भी पढ़ेंः-केरल में विधानसभा उपचुनाव: प्रमुख दलों की तैयारियां जोरों पर

योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग गद्दार और राम द्रोही हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे अगले चार दिन देश के लिए दें और प्रत्येक व्यक्ति दस-दस घरों में जाकर भाजपा को वोट देकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कहें। साथ ही उन्हें मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version