प्रदेश मध्य प्रदेश राजनीति

सीएम शिवराज बोले- आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश का सर्वश्रेष्ठ योगदान

6a7638ba5e5fbf234a4957c16f0d889bdb45a9c863978b33f3950aeb26d4340a_4

भोपालः 'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना को साकार करने में मध्यप्रदेश की भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी भोपाल के मिन्टो हॉल में गुरुवार को 'आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश' संबंधी महत्वाकांक्षी रोडमैप का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हम एक ऐसा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाएंगे, जिससे सारा देश यह कहेगा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान मध्यप्रदेश का है।

आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य छह माह के लंबे मंथन के बाद शिवराज सरकार ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप 2023 तैयार किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को इसका विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह चुनौती को अवसर में बदलने का रोडमैप है। इसके माध्यम से किसानों की आय दोगुनी करने के साथ रोजगार के मौके बढ़ाये जाएंगे। इसके लिए निवेश को बढ़ावा देने के साथ कृषि को प्रसंस्करण से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि चंबल (अटल प्रोग्रेस वे) एक्सप्रेस वे और नर्मदा एक्सप्रेस वे सिर्फ सडक़ ही नहीं बल्कि विकास के मार्ग होंगे। इनके दोनों ओर औद्योगिक पार्क विकसित किये जाएंगे। भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस वे को आदर्श बनाया जाएगा। निवेश को बढ़ावा देने के साथ जरूरी धनराशि का इंतजाम बजट के बाहर से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप में दर्शाए गए लक्ष्यों को पूरा करने के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के समय हमारे सामने आर्थिक चुनौतियां थीं। एक समय तो ऐसा भी आया था, जब खजाना खाली हो गया था। अधिकारियों ने कर्मचारियों का वेतन काटने का प्रस्ताव दिया पर हमने नकार दिया और किसी भी कर्मचारी का वेतन नहीं रुकने दिया। उधार लेकर काम चलाया, लेकिन अब स्थितियां धीरे-धीरे सुधर रही हैं। जहां चाह होती है, वहां राह को निकलना ही होता है। मुख्यमंत्री यह नहीं कह सकता है कि मैं क्या करूं? सरकार कोरोना संकटकाल की अभूतपूर्व स्थितियों के बीच वित्तीय चुनौतियों के बावजूद आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ेंः-पूर्व कप्तान बोले- कोहली की गैर मौजूदगी में भारत को आसानी से हरा देगी आस्ट्रेलिया

नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए कहा कि जब सभी राज्यों का ध्यान कोरोना महामारी पर ही था, तब मध्य प्रदेश ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप बनाया। इसके परिणाम हमें आने वाले दिनो में देखने को मिलेंगे। यह विकास का रोडमैप है। मध्य प्रदेश देश के केंद्र में है और यहां लॉजिस्टक हब तैयार किया जा सकता है। निजी क्षेत्र के सहयोग से विकास पर फोकस किया है। मुझे उम्मीद है कि तीन साल में रोडमैप को लागू करके प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।