Home बिहार CM Nitish pragati yatra: जमुई जिले को मिली 890 करोड़ रुपये की...

CM Nitish pragati yatra: जमुई जिले को मिली 890 करोड़ रुपये की सौगात

cm-nitish-pragati-yatra-jamui-district-gets-a-gift

CM Nitish pragati yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के चौथे चरण में जमुई जिले के आदर्श महिला थाना परिसर में रिमोट के माध्यम से 89088.02776 लाख रुपये की लागत वाली कुल 74 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 7640.52698 लाख रुपये की लागत वाली 58 योजनाओं का उद्घाटन एवं 81447.50076 लाख रुपये की लागत वाली 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

CM Nitish pragati yatra: जमुई जिले का सर्वेक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जमुई जिले के विभिन्न स्थानों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खैरा प्रखंड के लघुआर मंदिर का हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के बाद वे धावाटांड़ गांव में बने हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गरही डैम स्थित जलस्य मत्स्यकी विकास योजना के तहत केज-कल्चर का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित अपर किऊल जलाशय योजना के विस्तारीकरण एवं पक्कीकरण तथा प्रस्तावित गरही लघुआर सड़क एवं पुल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी भी ली।

CM Nitish pragati yatra: कई योजनाओं का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने आदर्श महिला थाना परिसर में नवनिर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला थाना का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया तथा नवनिर्मित थाना भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने 554.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय महिला डिग्री कॉलेज जमुई का शिलापट्ट का अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के विभिन्न भागों का निरीक्षण कर वहां की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने सोनपाई गांव में 9.90 लाख रुपये की लागत से निर्मित खेल मैदान का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैदान बहुत अच्छा बना है। आप लोगों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने खेल मैदान के बगल में 35.50 लाख रुपये की लागत से जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित तालाब का शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया। तालाब का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब की गहराई और बढ़ाई जाए तथा इसका सौंदर्यीकरण किया जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सोनपाई गांव में 467.76 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित संयुक्त श्रम भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया तथा इसके विभिन्न भागों का निरीक्षण भी किया।

यह भी पढे़ंः-सेना ने LoC पर मार गिराए 7 पाकिस्तानी घुसपैठिए, कुख्यात अल-बदर का आतंकी भी शामिल

मुख्यमंत्री ने 2,314 स्वयं सहायता समूहों को 8 करोड़ 85 लाख रुपये, 9,010 स्वयं सहायता समूहों को 61 करोड़ 32 लाख रुपये तथा 933 जीविका दीदियों के लाभुकों को 4 करोड़ 27 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया। उन्होंने जीविका दीदियों के स्टॉल पर प्रदर्शित विभिन्न उत्पादों को भी देखा तथा उनसे बातचीत भी की।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version