Home प्रदेश सीएम नीतीश ने बाढ़ प्रभावित 3.21 लाख परिवारों के खाते में ट्रांसफर...

सीएम नीतीश ने बाढ़ प्रभावित 3.21 लाख परिवारों के खाते में ट्रांसफर की राहत राशि

पटनाः CM Nitish ने आज राज्य के 18 जिलों में बाढ़ के दूसरे चरण से प्रभावित 3.21 लाख परिवारों को डीबीटी के माध्यम से 7,000 रुपये प्रति परिवार की दर से 225.25 करोड़ रुपये की राहत राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए कृतसंकल्पित है।

लगातार मदद कर रही सरकार

नीतीश कुमार ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से हम लगातार आपदा पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की फसल क्षति की राशि दिवाली से पहले उपलब्ध कराई जानी चाहिए। सरकार किसानों को हर तरह की सुविधा देने के लिए लगातार काम कर रही है। कोई भी किसान जिसकी फसल बाढ़ के दौरान बर्बाद हुई है, वह छूटना नहीं चाहिए, सभी प्रभावित परिवारों को राशि मिलनी चाहिए।

लोगों को मिलेगी हर संभव मदद

इसके लिए कृषि विभाग तेजी से काम करे। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि दूसरे चरण में बिहार के 18 जिले प्रभावित हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए बाढ़ आपदा प्रबंधन मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सभी कार्रवाई की गई है तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के विशेष सचिव वीरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम चरण की बाढ़ के कारण 16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है।

यह भी पढ़ेंः-किसानों के लिए बड़ी राहत, मौसम विभाग ने दी ये जानकारी

द्वितीय चरण की बाढ़ के कारण 16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसके कारण किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं। प्रथम चरण के लिए 229 करोड़ रुपए तथा द्वितीय चरण के लिए 261 करोड़ रुपए फसल क्षति का अनुमान लगाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए फसल क्षति हेतु 229 करोड़ रुपए की राशि विभाग को प्राप्त हो गई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version