Home टॉप न्यूज़ सीएम नायब सैनी ने मंत्रियों को कराया पदभार ग्रहण, साथ ही किए...

सीएम नायब सैनी ने मंत्रियों को कराया पदभार ग्रहण, साथ ही किए ये बड़े ऐलान

cm-nayab-saini-made-the-ministers

चंडीगढ़ः CM Nayab Saini ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में मंत्रियों को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करवाया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंत्रियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। मंत्रियों ने जनता की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में कोई भी योजना बंद नहीं होगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सैनी की मौजूदगी में मंत्रियों ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अनिल विज को कार्यभार ग्रहण करवाया और उन्हें लड्डू खिलाकर बधाई दी।

हरियाणा सरकार मेट्रो की रफ्तार से दौड़ेगी: अनिल विज

इस अवसर पर अनिल विज ने मीडिया से कहा कि आज खुशी का दिन है। मौजूदा सरकार न केवल पिछले दो कार्यकाल की तरह बिना रुके चलेगी बल्कि मेट्रो की रफ्तार से भी चलेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाते आ रहे हैं और आगे भी निभाते रहेंगे। विज ने कहा कि करीब 25 हजार नौकरियों के परिणाम की चर्चा प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी हो रही है। उन्होंने योग्यता के आधार पर दी जा रही नौकरियों को देश में योग्यता-क्रांति करार दिया है।

संविधान सुरक्षित हाथों में: पंवार

कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हमारी सरकार ने कार्यभार संभालते ही युवाओं को रोजगार देने का अपना वादा पूरा किया है। यह करीब 25 हजार युवाओं को सरकार की तरफ से दिवाली का तोहफा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार संविधान के अनुरूप काम कर रही है और संविधान सुरक्षित हाथों में है।

गुरुग्राम में जलभराव की समस्या खत्म होगी: राव नरबीर

कार्यभार संभालने के बाद कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि संकल्प पत्र में प्रदेश की जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के तौर पर पूरा किया जाएगा। वहीं, प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गुरुग्राम में जलभराव की समस्या का भी जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की ही नहीं बल्कि आम जनता की भी जिम्मेदारी है।

किसानों को हर तरह से राहत देंगे: महिपाल ढांडा

कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य जरूरतमंदों, गरीबों, युवाओं और किसानों के जीवन को आसान बनाना है। युवाओं को बिना किसी खर्चे के नौकरी दी गई है और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ नौकरी दी जाएगी। किसानों की फसलों को एमएसपी के तहत खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को राहत मिली है।

जनता के भरोसे पर खरा उतरूंगा: विपुल गोयल

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वे प्रदेश की जनता के भरोसे पर खरा उतरेंगे। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी प्राथमिकता भाजपा के संकल्प पत्र को लागू करना है। वे केवल विकास की नीति पर विश्वास करते हैं। वे अब फरीदाबाद को विकसित शहर बनाने के लिए काम करेंगे। इसके साथ ही विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

हर व्यक्ति की उसकी क्षमता के अनुसार मदद करूंगा: अरविंद शर्मा

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर विश्वास जताया है। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें जनता की सेवा करने का जो अवसर दिया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मंत्री के रूप में वह हर व्यक्ति की उसकी क्षमता के अनुसार मदद करने का प्रयास करेंगे।

सभी 36 बिरादरियों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी: राणा

कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम पूरी दुनिया में जाना जाता है और यही कारण है कि प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसी एक वर्ग की नहीं बल्कि सभी 36 बिरादरियों की है। इसलिए मंत्री रहते हुए सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा।

संकल्प पत्र को प्राथमिकता के आधार पर लागू करेंगे: गंगवा

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बरवाला हलके की मुख्य समस्याओं का समाधान करवाने के साथ ही उनका पहला उद्देश्य पार्टी के संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करवाना रहेगा। गंगवा ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में तीसरी बार बनी भाजपा सरकार विकास के नए आयाम लिखेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे।

महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण शीर्ष एजेंडे में: श्रुति चौधरी

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण हमारी सरकार की प्राथमिकताएं रहेंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने अपने मतों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे लिए ऐतिहासिक है। मुझे मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करती हूं। उन्होंने कहा कि वे तोशाम की जनता को अपना परिवार मानती हैं और उनकी सभी जरूरतों को पूरा करने और क्षेत्र का विकास करने का पूरा प्रयास करेंगी।

जनता की अच्छी सेवा करूंगी: आरती आर

कैबिनेट मंत्री कुमारी आरती राव ने कहा कि मुझे हरियाणा की जनता की सेवा करने का मौका मिला है, जिसे मैं बखूबी निभाऊंगी। मैं प्रदेश की जनता का भी आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने पिछले 10 सालों में इतनी मेहनत की और मुझे इस पद पर पहुंचाया। आरती राव ने कहा कि वे दक्षिण हरियाणा की जनता की समस्याओं के समाधान में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

यह भी पढ़ेंः-Haryana: कांग्रेस विधायक दल नेता के लिए नहीं बन पाई सहमति, अब हाईकमान ही लेगा निर्णय

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक टीम के रूप में काम करेंगे: गौतम

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गौरव गौतम ने कहा कि हम मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक टीम के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि हरियाणा बिना रुके आगे बढ़ेगा और हमारा प्रदेश देश के उन्नत राज्यों में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कराएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version