प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

आसमान में छाये बादलों ने बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश के भी आसार

cloud-min

कानपुरः भीषण गर्मी के बीच अब अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में छाये बादलों से तीन डिग्री तापमान गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में आसमान में बादल छाएं रहेंगे और गरज चमके के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम कृषि वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि दक्षिण म्यांमार और उससे सटे उत्तर पश्चिमी थाईलैंड पर बना डिप्रेशन उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर पश्चिमी थाईलैंड और उससे सटे म्यांमार पर एक गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के ऊपर है, यह 22 मई तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंच सकता है।

दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक उत्तर-दक्षिणी ट्रफ रेखा छत्तीसगढ़ से तेलंगाना होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पर बने चक्रवाती सर्कुलेशन तक फैली हुई है। हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में निचले स्तरों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा सकता है। एक ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिमी राजस्थान से विदर्भ तक हरियाणा और मध्य प्रदेश होती हुई गुजर रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान शुक्रवार की अपेक्षा तीन डिग्री कम रहा।

ये भी पढ़ें..दुनिया पर मंडरा रहा मंकीपाॅक्स वायरस का खतरा, WHO ने जारी...

शनिवार को अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 63 प्रतिशत और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 25 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिणी पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 7.1 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण आगामी चार दिनों के मध्य गरज चमक एवं धूल भरी आधी के साथ हल्की वर्षा होने के आसार हैं तथा दिन का तापमान अधिक एवं हवाओं की गति तेज रहने की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…