प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured फोटो जरा हटके

छह महीने बाद ताजमहल खुलने पर सबसे पहले चीनी पर्यटक ने किया दीदार, देखें तस्वीरें...

tazmahal

आगरा: चीन से फैले कोरोना वायरस ने लंबे समय से पूरी दुनिया में हाहाकार मचाया हुआ है। भारत में कोरोना महामारी फैलने के डर से जब सरकार ने लॉकडाउन किया तो सब कुछ बंद कर दिया। पूरी दुनिया में मशहूर आगरा के ताजमहल को भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। लंबे समय बाद आज अनलॉक-4 के तहत ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। संयोग की बात ये रही कि जिस चीन से फैले कोरोना की वजह से ताजमहल को बंद किया गया था, उसी चीन के नागरिक लियांग शी शेंग ने आज सबसे पहले ताजमहल का दीदार किया। देखें तस्वीरें...

कोरोना महामारी फैलने के डर से जब सरकार ने लॉकडाउन किया तो सब कुछ बंद कर दिया। ताजमहल को भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। आगरा का किला भी पर्यटकों के लिए बंद हो गया। इन्हें लॉकडाउन के पहले ही 17 मार्च को बंद कर दिया था। जिसके बाद अब पूरे 188 दिन बीत गए। आज किला और ताजमहल दोनों को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया।

सोमवार को आगरा में अनलॉक 4 के तहत जनता के लिए फिर से खोलने के बाद एक कार्यकर्ता ने ताजमहल के सामने एक नोटिस लगाया। भले ही सरकार ने ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया है, लेकिन पर्यटकों को सरकार की ओर से जारी कोविड-19 गाइडलाइन्स का पालन करना होगा। फिलहाल, पर्यटकों की गेट पर थर्मल स्कैनिंग की जा रही है।उसके बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है।

नये दिशा-निर्देश के मुताबिक, ताजमहल में एक दिन में अधिकतम पांच हजार और आगरा किला में अधिकतम 2,500 पर्यटकों को ही प्रवेश मिलेगा। दोनों स्मारकों पर टिकट खिड़की बंद रहेगी।

ताजमहल के दीदार के समय पर्यटकों को दीवारों और रेलिंग से दूर रहना होगा। शू कवर, पानी की बोतल, टिश्यू पेपर आदि उन्हें कूड़ेदान में डालने होंगे। स्मारक में प्रवेश से पहले पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।

पर्यटकों को एएसआई की वेबसाइट से ऑनलाइन टिकट बुक करनी होगी। स्मारकों पर क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद प्रवेश मिलेगा।

इस संबंध में पुरातत्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ताजमहल और आगरा किला में मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन कराया जाएगा।

बिना कोरोना लक्षण वाले पर्यटक ही परिसर में प्रवेश कर पाएंगे। स्मारकों पर मौजूद रजिस्टर में सभी पर्यटकों का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा।

आगरा के किले में एक दिन में सिर्फ 2500 लोग ही प्रवेश पा सकेंगे। जबकि सामान्य दिनों में एक दिन में ताजमहल में 20-20 हजार पर्यटक पहुंचते थे।

ताजमहल के सामने झाड़ू से फर्श को साफ करते हुए श्रमिक