प्रदेश Featured हरियाणा राजनीति

मुख्यमंत्री ने की पंजाब सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग, बोले- सुरक्षा से…

20211230034L-scaled-1

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पंजाब सरकार को बर्खास्त कर विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। मनोहर लाल शुक्रवार को हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और अपनी कैबिनेट के सदस्यों के साथ यहां राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिले। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर ज्ञापन सौंपा।

राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में मुख्यमंत्री के अलावा हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, राज्य मंत्री संदीप सिंह, अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया भी मौजूद रहे। राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों से से कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया है। पंजाब सरकार प्रधानमंत्री को सुरक्षा प्रदान करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री के अलावा अन्य दलों के वरिष्ठ नेता भी पंजाब का दौरा करेंगे। उनकी सुरक्षा में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है। इसलिए पंजाब सरकार को फौरन बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ेंः-भारत ने परमाणु युद्ध रोकने पर 5 परमाणु हथियार संपन्न देशों के बयान का स्वागत किया

मनोहर लाल ने कहा कि 5 जनवरी को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में उन्हें और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी वर्चुअली जुड़ना था। चन्नी ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले दो बार कुर्सी छोड़ी। वह वहां खुद को असहज महसूस कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार जांच करवा रहे हैं, लेकिन यह साफ है कि इस मामले में कोताही बरती गई है। इसलिए पंजाब सरकार को भंग करने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)