भोपाल में फ्रेंच राष्ट्रपति के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने वालों पर केस दर्ज

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फ्रांस के राष्ट्रपति के खिलाफ किए गए प्रदर्शन पर राज्य सरकार ने सख्त रवैया अख्तियार किया है। प्रदर्शन करने वालों पर केस दर्ज कर लिया गया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों के खिलाफ भोपाल के मुस्लिम समुदाय ने राजधानी के इकबाल मैदान में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद की अगुवाई में गुरुवार को प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।

इस प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश शांति का टापू है। इसकी शांति को भंग करने वालों से हम पूरी सख्ती से निपटेंगे। इस मामले में 188 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा, वो चाहे कोई भी हो। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि कोरोना महामारी को लेकर दी गई हिदायतों का प्रदर्शन के दौरान पालन नहीं किया गया। प्रदर्शन में जो लोग हिस्सा लेने पहुंचे वे न तो मास्क लगाए थे और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा।

यह भी पढ़ें- यूरोपीय संघ के नेताओं ने की फ्रांस में ‘आतंकवादी हमलों’ की निंदा

इस बात से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, सितंबर महीने में विवादित कार्टून मैग्जीन चार्ली हेब्दो ने पैगम्बर मुहम्मद साहब का एक विवादित कार्टून एक बार फिर अपनी मैग्जीन में छाप दिया। इससे पहले साल 2015 में भी इसी कार्टून को छापने को लेकर चार्ली हेब्दो के दफ्तर पर हमला भी हुआ था। इस संबंध में 14 आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ, जिनकी हाल ही में सुनवाई भी शुरू होने वाली थी, लेकिन इससे एन पहले चार्ली हेब्दो ने एक बार फिर वही कार्टून छाप दिया। विवाद तब शुरु हुआ, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन इसी महीने की शुरुआत में चित्र का समर्थन करते हुए कह दिया कि, वो इस्लामिक अलगाववाद से लड़ना चाहते हैं। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि, ये धर्म पूरी दुनिया में आज संकट के दौर से गुजर रहा है।