वजन कम करने के साथ ही स्किन पर नेचुरल ग्लो लाता है गाजर, जानें इसके सेवन के फायदे

नई दिल्लीः गाजर को अगर सेहत का खजाना कहा जाए तो यह बिल्कुल भी गलत नहीं होगा। गाजर एक ऐसी सब्जी है जो लगभग सभी बेहद पसंद होती है और यह सेहत के लिए भी लाभदायक होती है। गाजर का सेवन कई तरीके से किया जाता है। गाजर का हलवा, अचार और जूस लोगों को काफी पसंद होता है। गाजर में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, पोटेशियम व आयरन जैसे कई पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं। गाजर न सिर्फ शरीर को पोषक तत्व प्रदान करता है, बल्कि कई तरह की बीमारियों से भी शरीर की रक्षा करता है। गाजर आंखों की सेहत के लिए बेहद लाभदायक होता है। गाजर मधुमेह व कैंसर के जोखिम को भी कम करता है। इसके साथ ही इसमें पाया जाना वाला फाइबर पेट की सफाई करता है। गाजर त्वचा का भी विशेष ख्याल रखता है। इसमें मौजूद बीटा-कैरोटिन एक प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स और यूवी किरणों से बचाकर जवां बनाए रखने में सहायक होता है। गाजर के सेवन के कई और भी लाभ होते हैंः

हड्डियों के लिए फायदेमंद
गाजर में विटामिन ए और कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार होता है।

रोग प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा
गाजर में फाइटोकेमिकल जैसे कैरोटीनॉयड और पॉलीसैटेलेन प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं। गाजर को रोजाना खाना या फिर इसका जूस पीना सेहत के लिए बेहद लाभकारी होता है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा होता है। जिससे बदलते मौसम के साथ होने वाली संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सकता है।

दिल की सेहत का रखे ख्याल
गाजर में पाए जाने वाले बीटा-कैरोटीन, अल्फा-कैरोटीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट कोलेस्ट्रोल लेवल को नियंत्रित रखता है। जिसके चलते दिल की बीमारियों का खतरा बेहद कम हो जाता है।

वजन को रखता है नियंत्रित
गाजर में फाइबर पाया जाता है। गाजर के सेवन से पेट ज्यादा समय पर भरा रहता है। जिससे आपको भूख कम लगती है और आप स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाली चीजों के सेवन से बचते हैं। जिससे वजन भी नियंत्रित रहता है।

कैंसर को रखता है दूर
गाजर का सेवन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी दूर रखता है। गाजर की पत्तियों में भी भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है। इसके अलावा गाजर के बीच में पायी जाने वाली सख्त लकड़ी में भी बीटा-कैरोटिन नामक औषधीय तत्व होने से यह कैंसर नियंत्रण करने में बेहर लाभकारी साबित होती है।

यह भी पढ़ें-महिला पर गोली चलाने वाले सब इंस्पेक्टर का रहस्यमय परिस्थितियों में…

गर्भावस्था में भी बेहद लाभकारी
गाजर सेहत की खान होती है। गर्भावस्था के दौरान गाजर का सेवन बेहद लाभकारी होता है। यह प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाली कई तकलीफों को दूर करता है। साथ ही इसमें फोलेट नामक एक विटामिन पाया जाता है, जो गर्भ में पल रहे बच्चे और मां के लिए लाभकारी साबित होता है। यह गर्भ में पल रहे बच्चे के मस्तिष्क के विकास में अह्म भूमिका निभाता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)