यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी भाजपा ने लहराया परचम, प्रधानमंत्री-गृहमंत्री ने दी बधाई

 

लखनऊः उत्तर प्रदेश की सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी जीत का परचम लहराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 825 में से 648 सीटें जीतने का दावा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी है। प्रदेश की 825 क्षेत्र पंचायतों में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में 349 ब्लॉक प्रमुख पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। भाजपा ने इनमें 334 उम्मीदवार अपना बताया था। प्रदेश की बाकि 476 सीटों पर शनिवार को मतदान हुआ। इसके बाद मतगणना प्रारम्भ हुई। 648 क्षेत्र पंचायतों में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। 825 में से 648 से सीटों पर भाजपा का कब्जा हो चुका था।

प्रदेश प्रमुख विपक्षी समाजवादी पार्टी भी करीब 90 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। हालांकि पार्टी ने 100 सीटों पर जीत का दावा किया है। बहुजन समाज पार्टी के भी करीब पांच उम्मीदवार चुनाव जीत गये हैं। वहीं लगभग 110 निर्दलीय व अन्य ने जीत दर्ज की है। लखनऊ और वाराणसी समेत एक दर्जन से अधिक जिलों में तो भाजपा ने लगभग सभी ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव जीत लिया है। लखनऊ में कुल आठ सीटों में से भाजपा ने सात पर कब्जा किया है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री की ‘सबका साथ सबका विकास’ नीति को जनता ने सराहा है और उसी का प्रतिफल त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में देखने को मिला है।

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के आये परिणामों से गद्गद मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उसी समय दावा किया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव के अब तक आये परिणामों में भाजपा और उसके सहयोगी दल ने 825 सीटों में से 635 पर जीत दर्ज कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि देर रात तक जब सभी परिणाम आ जायेंगे, उस समय यह संख्या और अधिक हो जायेगी। योगी ने कहा कि भाजपा ने इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 75 सीटों में से 67 पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत के जो चुनाव सम्पन्न हुए हैं, उसमें जनता ने भाजपा के प्रति अपना रुझान दिया है। उन्होंने कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र व प्रदेश की सरकारों की लोकप्रिय नीतियों के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत सरकार के कार्यों पर मुहर है।

यह भी पढ़ेंःबढ़ती आबादी के बढ़ते खतरे

प्रधानमंत्री मोदी समेत कई केन्द्रीय नेताओं ने दी बधाई
ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भाजपा की भारी जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महामंत्री संगठन बीएल संतोष, केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।