प्रदेश हरियाणा

बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस और आप पर साधा निशान, निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा…

28hsr3_48

हिसारः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा है कि कांग्रेस की एक नहीं बल्कि कई परेशानियां है। कोई नेता दूसरे नेता की बात मानने को तैयार नहीं है और यही कारण है कि चार-चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने पड़ रहे हैं। वे शनिवार को यहां गुरू जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ऐसा तभी हो रहा है, जब उतरी नेतृत्व कमजोर हो और उस नेतृत्व के मजबूत होने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितैषी कार्यों की बदौलत जनता फिर से भाजपा को सत्ता सौंपेगी। आम आदमी पार्टी बारे पूछे जाने पर ओमप्रकाश धनखड़ ने कटाक्ष किया कि यह केवल यू-ट्यूबर पार्टी है। इसके नेता केवल सोशल मीडिया पर बयानबाजी में सीमित है, लेकिन इस पार्टी का हरियाणा में कोई भविष्य नहीं है। भाजपा सांसद अरविंद शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री पर आरोप लगाए जाने बाबत पूछे जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि हर चीज की एक मर्यादा होती है और किसी को मर्यादा नहीं लांघनी चाहिए। यदि उन्हें कोई बात कहनी है तो पार्टी मंच पर अपनी बात कहे और इसके लिए उन्हें आगाह कर दिया गया है।

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार अंत्योदय के सपने को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड के दौरान भाजपा संगठन को सेवा ही संगठन का लक्ष्य दिया जिसे हम सब सरकार के साथ मिलकर प्राथमिकता देते हुए जनता के हित में काम कर रहे हैं और केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में केन्द्र सरकार के आठ साल के कार्यकाल पर वक्तव्य रखा गया है जिस पर केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुज्जर, पूर्व मंत्री रतनलाल कटारिया व सांसद धर्मबीर सिंह ने संबोधन दिया है। ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि आगामी निकाय चुनावों को लेकर प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सुझाव लिए गए हैं।

यह भी पढ़ेंः-नगर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, टिकट बंटवारे...

इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला को भ्रष्टाचार मामले में जेल होने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें चौटाला जी से सहानुभूति है, लेकिन अदालत का फैसला अपना गहरा संदेश छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, सह मीडिया प्रमुख अंकित राज शर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)