दिग्विजय पर बरसे बीजेपी अध्यक्ष, बोले- दलाली खाकर नेताओं को करते हैं बदनाम

बैतूलः बैतूल जिले के दौरे पर आए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने एक पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर गंभीर और तीखे आरोप लगाए हैं। गुरुवार दोपहर जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह देश की राजनीति में अप्रासंगिक हो चुके हैं। वे आतंकवादियों का समर्थन करते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं। राष्ट्रवाद की विचारधारा के खिलाफ चलते हैं। ऐसे दिग्विजय सिंह यदि मुझ पर आरोप लगाते हैं तो उनका जवाब देने में मुझे कष्ट होता है। उन्होंने दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह दलाली खाकर नेताओं को बदनाम करने का टेंडर लेने का काम करते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर यह गंभीर आरोप प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बैतूल में पत्रकार वार्ता के दौरान लगाए। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा कुशाभाउ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष के तारतम्य में चलने वाले बूथ विस्तारक अभियान को लेकर बैतूल पहुंचे हैं। पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर जमकर बरसे।

दस दिन रोज 2 घंटे का देंगे समय

अभियान के संबंध में वीडी शर्मा ने कहा कि यह कुशाभाउ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष है। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पार्टी ने बूथ विस्तारक अभियान तय किया है। जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि 10 दिनों में 2 घंटे का समय बूथ स्तर पर देकर बूथ में पार्टी का वोट शेयर 51 प्रतिशत हो, इसके लिए काम करेगा। बूथों पर बूथ इकाइयों का फिजिकल वेरीफेकिशन और डिजिटलाइजेशन होगा।

यह भी पढ़ेंः-छत्तीसगढ़ में बढ़ा कोरोना का ग्राफ, बघेल सरकार ने दिए वर्क फ्रॉम होम के निर्देश

पूरे मध्यप्रदेश में कर रहे हैं भ्रमण

हमने स्वावलंबी मंडल, सक्रिय शक्ति केंद्र और बूथ को सक्षम बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसी लक्ष्य के तहत बूथ विस्तारक अभियान को लेकर पूरे मध्यप्रदेश में मेरा भ्रमण हो रहा है। इसी निमित्त आज बैतूल में भी आगमन हुआ है। यहां हमने जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों सहित पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आह्वान किया है कि प्रत्येक कार्यकर्ता 20 से 30 जनवरी के बीच में बूथ पर जाकर पार्टी के लिए अपना समय दान करेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)