प्रदेश बिहार Featured राजनीति

बिहार : लोगों ने खूब पसंद किया नोटा, पुष्पम प्रिया के उम्मीदवार हुए नापसंद

nota

 

बेगूसराय: बिहार विधानसभा का चुनाव बेगूसराय में नया गुल खिला रहा है। यहां लोगों ने सत्ताधारी दल एनडीए और लोजपा को जहां नकार दिया है वहीं, अपने को मुख्यमंत्री का दावेदार घोषित करने वाली पुष्पम प्रिया चौधरी बेगूसराय में कहीं की नहीं रहीं। पुष्पम प्रिया चौधरी के सभी प्रत्याशियों को नोटा से भी लोगों ने नकार दिया है। इस बार के चुनाव में नोटा ने कमाल कर दिया है। लोगों ने बड़ी संख्या में सभी प्रत्याशियों को नापसंद किया है।

तमाम विधानसभा क्षेत्रों में नोटा को मिले वोट कई पंजीकृत राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों से कई गुना अधिक वोट मिले हैं। दोपहर एक बजे तक घोषित परिणाम पर गौर करें तो साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र में 2524 और मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में 2053 लोगों ने सभी प्रत्याशियों को नकार कर नोटा को वोट दिए हैं। बेगूसराय विधानसभा सीट में 235, बखरी विधानसभा सीट में 516, चेरिया बरियारपुर विधानसभा सीट में 231, तेघड़ा विधानसभा सीट में 554 तथा बछवाड़ा विधानसभा सीट में 88 लोगों ने नोटा को वोट दिया है।

यह भी पढ़ें-बिहार विस चुनाव: कभी भी पलट सकती है बाजी, 120 से ज्यादा सीटों पर मामूली अंतर

पुष्पमप्रिया चौधरी की द प्लुरल्स को मिले वोट की बात करें तो उसे साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र में 522, मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में 199 लोगों ने वोट दिए हैं जबकि बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र में 301, बखरी में 217, चेरिया बरियारपुर में 157, तेघड़ा में 96 तथा बछवाड़ा में 44 लोगों ने पसंद किया है। इधर आधा से अधिक मतगणना समाप्त होने के बाद एनडीए की अप्रत्याशित हार और महागठबंधन को मिल रही अप्रत्याशित जीत की चहुंओर चर्चा हो रही है। लोग वोटरों के मूड की खूब चर्चा कर रहे हैं।