बिहार Featured

'अग्निपथ' पर जल रहा बिहार, BJP नेताओं पर हमला, प्रदेश अध्‍यक्ष का घर फूंकने की कोशिश

bihar-agnipath-1

पटनाः सेना भर्ती में अग्निपथ योजना को लेकर बिहार समेत देशभर में छात्रों का आक्रोश चरम पर है। अग्निपथ योजना के खिलाफ आक्रोशित युवाओं की भीड़ लगातार भाजपा नेताओं और विधायकों पर गुस्सा निकाल रही है। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर हमले के बाद आक्रोशित छात्रों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और भाजपा विधायक विनय बिहारी को निशाना बनाया है।

ये भी पढ़ें..मनी लॉन्ड्रिंग मामलाः सत्येंद्र जैन के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

आक्रोशित छात्रों ने आज प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर हमला करने की कोशिश की। बेतिया स्थित संजय जायसवाल के घर पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव किया। भीड़ ने जायसवाल के खिलाफ नारेबाजी की और उनके घर को जलाने की कोशिश की। इसे देखते हुए वहां बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। लौरिया से भाजपा विधायक विनय बिहारी पर अग्निवीर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने हमला किया। बेतिया में प्रदर्शन कर रही भीड़ ने विनय बिहारी की गाड़ी पर हमला कर दिया। उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ डाला और गाड़ी को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

विनय बिहारी ने कहा कि वे जब बेतिया से गुजर रहे थे तभी भीड़ ने गाड़ियों पर हमला बोल दिया।इसमें वे भी फंस गए। उनकी गाड़ी को भीड़ ने निशाना बनाया। विधायक विनय बिहारी का कहना है कि भीड़ में छात्रों के साथ कुछ राजनीतिक दल के लोग भी घुस गए हैं। वे छात्रों के नाम पर आंदोलकारियों के बीच हैं और आम लोगों से हिंसा-आगजनी करा रहे हैं। उन पर जिन लोगों ने हमला किया उसमें कई ऐसे लोग थे जिनकी आयु 40 साल से ज्यादा थी। इससे स्पष्ट होता है कि ये लोग छात्र नहीं हैं।

इससे पूर्व आकोशित छात्रों ने आज सुबह बिहार के उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर हमला किया। उनके घर पर जमकर पथराव हुआ, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। रेणु देवी ने हमले के बाद शुक्रवार को बेतिया जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। लखीसराय में भी भाजपा कार्यालय पर हमला किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)