राजस्थान BJP में बड़ा बदलाव, अब नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे सीपी जोशी

CP Joshi Rajasthan State President

CP Joshi Rajasthan State President

जयपुर: विधानसभा चुनाव से आठ महीने पहले भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने डॉ सतीश पूनिया के स्थान पर चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पूनियों ने अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले सीपी जोशी संघ के करीबी माने जाते हैं। 58 वर्षीय पूनिया की तुलना में जोशी (47) युवा हैं। अब नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति भी जल्द होने की संभावना है। गुलाब चंद कटारिया के राज्यपाल बनने के बाद से यह पद खाली है। उल्लेखनीय है कि सितंबर 2019 में डॉ. सतीश पूनिया को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। तब भी यह चौंकाने वाला फैसला था क्योंकि उन दिनों सतीश पूनिया का नाम चर्चाओं में भी नहीं आता था।

यह भी पढ़ें-नाले में मिला मासूम बच्ची का शव, तीन दिन पहले घर के बाहर से…

सतीश पूनिया का तीन साल का कार्यकाल सितंबर 2022 में पूरा हुआ था। चित्तौड़गढ़ से लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश जोशी दूसरी बार सांसद बने हैं। वे 2014 के लोकसभा चुनाव में पहली बार और 2019 के लोकसभा चुनाव में दूसरी बार सांसद बने। इससे पहले वे पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके सीपी जोशी वर्तमान में पार्टी के उपाध्यक्ष भी हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)