मध्य प्रदेश Featured राजनीति

'भारत जोड़ो यात्रा' कल MP में करेगी प्रवेश, 4 दिनों तक राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगी प्रियंका

rahul-priyanka-kashi

भोपालः कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' बुधवार, 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सीमावर्ती जिले बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा कि राहुल गांधी जी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा कल मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कल भारत जोड़ो यात्रा की मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में अगवानी करेंगे।

ये भी पढ़ें..71 हजार नौकरी पत्र बांटना ऊंट के मुंह में जीरा, मल्लिकार्जुन खड़गे ने साधा सरकार पर निशाना

वहीं, कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से कहा है कि मेरे प्यारे मध्यप्रदेशवासियों, भारत जोड़ो यात्रा हमारे मध्यप्रदेश में कल प्रवेश करेगी। भारत को एक जुट करने के इस अभियान को लेकर मैं उत्साहित हूँ। आईए! भारत देश को जोड़ें। अधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को सुबह छह बजे बुरहानपुर जिले के ग्राम बोदरली से मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाएगी और यह यात्रा चार दिसम्बर तक निमाड़-मालवा अंचल के छह जिलों तक भ्रमण पर रहेगी। इस 12 दिन की यात्रा में राहुल गांधी राज्य में 382 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी यात्रा के शुरुआती चार दिन तक राहुल गांधी के साथ कदमताल करती नजर आएंगी। पार्टी कार्यकर्ता यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी बुधवार को बुरहानपुर के बोदरली गांव से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वे यहां से खंडवा के झिरी जाएंगे। इसके अगले दिन यात्रा 24 तारीख को खंडवा को बोरगांव से खरगोन के खेरड़ा तक जाएगी और 25 तारीख को राहुल गांधी खेरड़ा से मोरटक्का तक की यात्रा करेंगे। अगले दिन शनिवार, 26 नवंबर को यात्रा इंदौर जिले में प्रवेश करेगी। यहां वे डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे। इसके अगले दिन राहुल गांधी महू से इंदौर तक की यात्रा करेंगे। अगले दिन 28 नवंबर को यात्रा का विश्राम तय किया गया है।

राहुल गांधी अगले दिन 29 नवंबर को इंदौर से यात्रा की शुरुआत कर सांवेर जाएंगे और 30 नवंबर को यात्रा सांवेर से उज्जैन जिले में प्रवेश करेगी। एक दिसंबर को भी यात्रा उज्जैन में ही रहेगी। दो दिसंबर को यात्रा की शुरुआत उज्जैन के झालरा से होगी। यहां से राहुल गांधी आगर-मालवा जिले के कासी बरदिया पहुंचेंगे। तीन दिसंबर को राहुल गांधी आगर मालवा जिले के महूदिया से लालाखेड़ी तक का सफर तय करेंगे। इसके बाद यात्रा चार दिसंबर को ग्राम लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश करेगी।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण है। कांग्रेस नेताओं के बैनर, पोस्टर बुरहानपुर से बोदरली तक जगह-जगह नजर आ रहे हैं, जहां कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के जोरदार स्वागत की योजना बनाई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी दिग्विजय सिंह मंगलवार को बुरहानपुर पहुंच चुके हैं। वे यहां तैयारियों का पूरा जायजा ले रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)