प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

Bhai Dooj: बहनों ने की भाइयों को यम फांस से मुक्ति की प्रार्थना, एक साथ लगाई यमुना में डुबकी

mathura-min

मथुराः यमद्वितीया पर्व पर गुरुवार को बहनों ने अपने-अपने भाइयों संग यमुना में एक साथ डुबकी लगाकर अपने भाइयों को यम की फांस से मुक्ति कर प्रार्थना की। सुबह से ही मथुरा, वृंदावन और गोकुल के कई घाटों पर यमुना स्नान करने वालों की भीड़ लगी रही। इस अवसर पर स्नानार्थियों के लिए नगर निगम-नगर पंचायतों ने कई प्रकार की व्यवस्थाएं की थीं।

गौरतलब है कि बीती शाम से ही भाई-दूज आने से यमुना के घाटों पर बहन -भाइयों को एक साथ डुबकी लगाते हुए देखा गया था, यह सिलसिला रातभर चलने के बाद फिर गुरुवार को सुबह तड़के से ही यमुना घाटों पर स्नान करने वालों का तांता लग गया। मथुरा में विश्राम घाट, बंगाली घाट, यमुना पार आदि घाटों के अलावा वृंदावन में केशीघाट, गोकुल में ठकुरानी घाट, मुरलीधर घाट और ब्रह्मांड घाट आदि पर यमुना स्नान करने वालों की भीड़ सुबह से ही जुटने लगी। यम फांस से बचने के लिए भाई और बहनों ने एक साथ यमुना में डुबकी लगाई।

ये भी पढ़ें..भैया दूज पर बहन के घर से टीका कराकर लौट रहे...

इस दौरान भाई-बहनों का भाव देखने योग्य था। बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु और कुशलता की मनौती मांग रही थीं, तो भाई भी उनको सदा सुखी रहने का आशीर्वाद प्रदान कर रहे थे। यमुना स्नान करने वालों की सुविधा के लिए महिला चेंजिंग रूम, शौचालय आदि की व्यवस्था तो नगर निगम की ओर से की ही गई थी, साथ ही किसी अनहोनी से बचने के लिए यमुना में बैरिकेडिंग भी की गई थी। पुलिस की ओर से यमुना में स्टीमर चलाए गए थे, जिन पर पुलिसकर्मी गोताखोरों के साथ तैनात रहे। सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे ने शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान संभाली।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)