Thursday, March 20, 2025
spot_img
spot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeप्रदेशBengal Bandh: कई जगहों पर हिंसा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और दागे...

Bengal Bandh: कई जगहों पर हिंसा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और दागे आंसू गैस के गोले

Bengal Bandh, कोलकाता: पश्चिम बंगाल में बुधवार को भाजपा द्वारा आहूत ‘बंगाल बंद’ के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से हिंसा और तनाव की खबरें आईं। कई स्थानों पर पुलिस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसके कारण पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हुगली जिले के मनकुंडू स्टेशन पर बंद समर्थकों ने रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनें रुक गईं। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

कूचबिहार में 30 लोग गिरफ्तार कूचबिहार में बंद के दौरान कई जगहों पर हिंसा भड़क उठी। पुलिस ने बताया कि सुबह 10 बजे तक कुल 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तूफानगंज विधायक मालती राभा रॉय और कूचबिहार दक्षिण विधायक निखिलरंजन डे शामिल हैं। इन दोनों विधायकों को पहले हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिण दिनाजपुर में भाजपा-तृणमूल में झड़प

दक्षिण दिनाजपुर के बुनियादपुर नगरपालिका क्षेत्र में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों दलों के समर्थकों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें तृणमूल के हमले में भाजपा कार्यकर्ता के सिर में गंभीर चोट आई।

हावड़ा, बंदेल और अन्य स्थानों पर भी ट्रेन सेवा बाधित

हावड़ा स्टेशन पर हावड़ा-बंदेल लोकल ट्रेन भी रोक दी गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर प्रदर्शन किया। इसी तरह मुर्शिदाबाद के कई स्टेशनों पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया, जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।

पश्चिम मिदनापुर के घाटाल और भाटपारा में बंद के दौरान भाजपा और पुलिस के बीच हिंसक झड़प भी हुई। भाजपा ने यहां पुलिस पर बिना वजह बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। इस दौरान भाटपारा में फायरिंग की भी खबर है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

राज्य के विभिन्न जिलों जैसे आसनसोल, मालदा, कूचबिहार और पूर्व मेदिनीपुर में बंद के समर्थन और विरोध में उग्र प्रदर्शन हुए। कई जगहों पर बसों और अन्य वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया गया।

यह भी पढ़ेंः-Bengal Bandh: ट्रेन रोकने से लोग परेशान, नड्डा ने ममता पर बोला हमला

बंगाल में भाजपा के इस ‘बंगाल बंद’ से राज्य के कई हिस्सों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। खबर लिखे जाने तक कई जगहों पर पुलिस की सख्ती के चलते स्थिति नियंत्रण में आ गई है, जबकि कुछ जगहों पर तनाव बरकरार है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें