प्रदेश देश Featured फोटो

पीएम मोदी के गुजरात दौरे की देखें खूबसूरत तस्वीरें

pm in kewadia

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे के लिए गुजरात पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केवडिया और अहमदाबाद के बीच समुद्री विमान सेवा सहित कई परियोजनाओं की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने नर्मदा जिले के केवडिया में 'आरोग्य वन' की यात्रा की। पार्क में सैकड़ों औषधीय पौधे और जड़ी-बूटियाँ हैं। यहां उनके उपयोग और महत्व के बारे में भी जानकारी प्रदान की जाती है। तस्वीरों में देखें पीएम मोदी ने किन-किन जगहों का भ्रमण किया..

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केवडिया में श्रेष्ठ भारत भवन से स्टेचू ऑफ यूनिटी तक नौका सेवा प्रदान की। पहले दिन शुक्रवार को नर्मदा जिले के केवड़िया में 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के निकट पर्यटन के विकास के मद्देनजर 17 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और चार नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के साथ इन परियोजनाओं का अवलोकन भी किया।

पीएम मोदी ने जंगल सफारी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने यहां जंगल सफारी के नाम से प्रसिद्ध सरदार पटेल प्राणी उद्यान का उद्घाटन किया।

 इस अवसर पर उन्होंने 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के लिए एकता क्रूज सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रधानमंत्री नर्मदा जिले के केवड़िया पहुंचे और वहां एकीकृत विकास योजनाओं के अंतर्गत 17 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और चार नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन योजनाओं में नेविगेशन चैनल, नया गोरा सेतु, गरुड़ेश्वर बांध सरकारी कर्मियों के लिए आवास, बस बे टर्मिनस, एकता पौधशाला, खलवानी पर्यावरण अनुकूल पर्यटन और जनजातीय गृह आवास शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने सबसे पहले 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के निकट बने आरोग्य वन का लोकार्पण किया। आरोग्य वन में 15 एकड़ क्षेत्र में औषधीय गुणों से युक्त पौधे लगाए गए हैं। इसमें 380 प्रजाति के पांच लाख पेड़ हैं। योग व आयुर्वेद को ध्यान में रखते हुए इसका विकास किया गया। मोदी इस वन क्षेत्र में बने आरोग्य कुटीर भी गए। मार्च में कोरोना वायरस महामारी फैलने के बाद से मोदी का अपने गृह राज्य गुजरात का यह पहला दौरा है।

यह दुनिया का पहला प्रौद्योगिकी आधारित पार्क है जो 35 हजार वर्गफुट में फैला हुआ है। पार्क में एक न्यूट्री ट्रेन की भी व्यवस्था है, जिसके स्टेशन के नाम भी काफी रोचक रखे गए हैं। ये नाम फलशाखा गृहम, पायोनागिरी, अन्नपूर्णा, पोषण पुराण, स्वस्थ भारत हैं।

प्रधानमंत्री ने न्यूट्री ट्रेन की सवारी करते हुए विभिन्न स्टेशनों का मुआयना किया। इस पार्क का उद्देश्य विभिन्न गतिविधियों के जरिए पोषक भोजन के प्रति जागरूकता फैलाना है।

पार्क में इसके लिए मिरर मेज, 5डी वर्चुअल रियल्टी थिएटर और ऑगमेंटेंड रियल्टी गेम की भी व्यवस्था की गई है।

'जंगल सफारी' भारत के 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर लंबी प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के पास स्थित है और पर्यटकों को लुभाने के लिए कई आकर्षक चीजें हैं। यह 375 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें 1100 से अधिक पशु-पक्षी हैं और तकरीबन 5 लाख पौधे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि जंगल सफारी के अंदर स्थित प्राणी उद्यान में दो अलग-अलग पक्षी अभयारण्य हैं, जिसमें एक घरेलू पक्षियों के लिए है तो दूसरा विदेश से आने वाले पक्षियों के लिए। यह दुनिया का सबसे बड़ा पक्षी उद्यान है।

प्रधानमंत्री जब अहमदाबाद पहुंचे तो रूपाणी और आचार्य देवव्रत के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल सहित कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

बता दें, इससे पहले मोदी के अहमदाबाद हवाई अड्डे पहुंचने के बाद गांधीनगर में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के परिवार से मिलने गए। 92 वर्षीय पटेल का गुरुवार की सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। इसके साथ ही पीएम ने दिवंगत महेशभाई और नरेशभाई कनोडिया को श्रद्धांजलि दी।