‘भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला कौशल्या हितकारी…की ध्वनि से गुंजायमान हुई अयोध्या

sriram-ayodhya

sriram-ayodhya

अयोध्याः राम नवमी के अवसर पर गुरुवार को दोपहर के 12 बजे श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित अस्थाई मंदिर, कनक भवन व दशरथ महल सहित राम नगरी के सभी मठ मंदिरों में घंटा-घड़ियाल बजने लगा। भगवान का जन्म होते ही ‘भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला कौशल्या हितकारी…की ध्वनि से पूरी अयोध्या एक साथ गुंजायमान हो उठी। इसी के साथ बधाई गीत, सोहर व ढोल नगाड़ों की थाप सुनाई पड़ने लगे। मन्दिरों में जय श्री राम के जयघोष गूँजने लगे। साधु, सन्त, महन्त और श्रद्धालुओं के मध्य श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।

sriram-ayodhya

रामनवमी के उत्सव में शामिल होने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु रामनगरी में जुटे हुए हैं। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां सरयू में डुबकी लगाई। मठ मंदिरों में चारों ओर आस्था, श्रद्धा, भक्ति भाव से ढोल नगाड़ों के बीच भक्त झूमते नजर आ रहे हैं। श्री राम जन्मभूमि के अस्थायी मन्दिर में चैत्र प्रतिपदा से नवमी तिथि तक गर्भगृह में कलश स्थापना कर अखंड दीप जलाकर देवताओं का आह्वान किया गया। मुख्य पर्व पर आज रामनवमी के दिन रामलला को पंचामृत स्नान और इत्र का लेप लगाकर नवीन वस्त्र धारण कराया गया है। रामलला के जन्मोत्सव पर 56 भोग लगाया गया है। उन्हें नवीन वस्त्र धारण कराकर सोने का मुकुट भी पहनाया गया।



ये भी पढ़ें..Himachal Pradesh: तीन दिन में 85 फीसदी बढ़े कोरोना के मामले,…

दोपहर 12 बजते ही वैदिक मंत्रोच्चारण और सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार रामलला की विशेष आरती और पूजन किया गया। मंदिर की सुरक्षा में लगे सभी सुरक्षा कर्मियों को पंजीरी प्रसाद का वितरण किया गया। श्री राम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण स्थल को भी भव्य रूप से फूलों से सजावट कर भव्यता प्रदान की गई थी। इस अवसर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य उपस्थित रहे। रामजन्मोत्सव का दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण किया गया। क्योंकि रामजन्मोत्सव के समय सभी भक्तों को रामजन्मभूमि में रोकना संभव नहीं है। इसलिए लाइव प्रसारण के माध्यम से भगवान का जन्म भक्तों को दिखाया गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)