मुंबई क्रूज रेव पार्टी में गिरफ्तार मुनमुन धामेचा के घर चोरी का प्रयास

सागर: सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के यादव कॉलोनी में मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में गिरफ्तार मुनमुन धामेचा के घर चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गए। इसके बाद आरोपित गैती छोड़कर भाग गए। सूचना के बाद गोपालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।

ज्ञातव्य है कि हाल ही में मुंबई के क्रूज में चल रही है पार्टी में शाहरुख खान के बेटे के साथ पकड़ी गई सागर की मुनमुन धामेचा का नाम भी जुड़ा है। मुनमुन का घर सागर के तहसील क्षेत्र की यादव कॉलोनी में है। मुनमुन धामेचा का भाई यहां रहता है, लेकिन फिलहाल वह शहर से बाहर है। घर पर ताला लगा हुआ है।

बुधवार की देर रात मुनमुन धामेचा के घर के दरवाजे को तोड़ने की आवाज पड़ोसियों ने सुनी। सामने रह रहे पड़ोसी ने जब आवाज लगाई तो आरोपित मौके पर ही गैती छोड़ कर भाग गए। इसकी सूचना मुनमुन धामेचा के भाई प्रिंस धामेचा को फोन पर दी गई। उसके बाद उसने गोपालगंज पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां पर कोई नहीं था। मुनमुन के घर के बाहर दो गेट लगे हुए हैं, एक लोहे का और एक प्लाईवुड का है। पहले तो आरोपित ने प्लाई के गेट पर लगा ताला तोड़ने का प्रयास किया। जब वह ताला नहीं टूटा तो आरोपितों ने खुदाई करने में उपयोग होने वाली लोहे की गैती से प्लाई पर कई वार किए।

यह भी पढ़ेंः-स्पेन ने रोका इटली का विजय रथ, नेशन्स लीग के फाइनल में बनाई जगह

इसके पहले कि आरोपित दरवाजे को तोड़ पाते, तभी घर के सामने का पड़ोसी जाग गए और शोर मचाया। तंग गलियों में स्थित मुनमुन के मकान के बाहर शाम के समय लगी लाइट को पड़ोसियों द्वारा चालू कर दिया जाता है। आरोपितों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मकान के बाहर लगे मीटर से लाइट का कनेक्शन काट दिया। इसके बाद अंधेरे में वह दरवाजे को तोड़ने का प्रयास करने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)