बिहार क्राइम

धार्मिक कार्यक्रम में हो रहा था अश्लील डांस ! रुकवाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, 7 पुलिसकर्मी जख्मी

dons-in-bihar
demo pic

बिहारः प्रदेश के सारे थाना क्षेत्र के मुर्गियाचक गांव में गणेश पूजा उत्सव के अवसर पर हो रहे अश्लील डांस को रुकवाने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में सात पुलिसकर्मी चोटिल हो गये, जिन्हें चिकित्सा के लिए अस्थावां रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार अर्द्ध रात्रि की है। बताया जाता है कि सोमवार को गणेश पूजन के अवसर पर मेला का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर नृत्य का भी आयोजन था। जब सारे थाना पुलिस को इस आयोजन की जानकारी मिली तो पुलिस बल स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचा। इसी बीच असामाजिक तत्वों ने हथियारों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें..फाइजर की कोविड वैक्सीन छोटे बच्चों के लिए भी सुरक्षित

10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना पाकर सारे थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी अपने दल- बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचीं। तब-तक हमलावर भाग चुके थे। थानाध्यक्ष ने सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्थावां रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में दो पुलिसकर्मियों की हालात चिंताजनक बतायी गयी है। घायल पुलिसकर्मी में अंजनी कुमार, सुरेश कुमार, पंकज कुमार, संतोष तिवारी, रमेश भारद्वाज, शिवराज और अंकित कुमार शामिल हैं। सारे थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में 10 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जायेगा। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सूरत में अपराधी बख्शे नहीं जायेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)