प्रदेश मध्य प्रदेश

नाराज डॉक्टरों ने कलेक्टर को हटाने के लिए दिया 3 दिन का समय, हड़ताल की दी चेतावनी

health_collector

इंदौरः कलेक्टर मनीष सिंह और प्रशासन के अधिकारियों के व्यवहार से नाराज डॉक्टरों ने कलेक्टर मनीष सिंह को हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया है। इस दौरान डॉक्टर विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर अपना काम करते रहेंगे। इंदौर में कोरोना महामारी के बीच कलेक्टर मनीष सिंह के खिलाफ अब पूरे स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा खोल दिया है।

उन्हें हटाने के लिए लामबंद डॉक्टरों को समझाने के लिए रेसीडेंसी में 2 घंटे चली बैठक भी बेनतीजा रही। बैठक में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री ऊषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी और डॉक्टर मौजूद रहे। डॉक्टरों ने कलेक्टर को हटाने के लिए 3 दिन का समय दिया है। इस दौरान वह काली पट्‌टी बांधकर ड्यूटी करते रहेंगे। अगर 3 दिन में कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो वे हड़ताल पर जाएंगे। इससे पहले डॉक्टरों ने शुक्रवार से हड़ताल पर जाने की बात कही थी। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने कहा कि प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट सभी पक्षों से संपर्क में हैं। विवाद थम जाएगा, जल्द ही सकारात्मक परिणाम सबके सामने होगा।

यह भी पढ़ेंः-हेमंत सोरेन के ट्वीट पर बवाल, सीएम और मंत्रियों ने जमकर साधा निशाना

यह है मामला

प्रशासन के अधिकारियों द्वारा अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के दो डॉक्टरों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर पूर्णिमा गडरिया और मानपुर के मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) डॉ. आरएस तोमर शामिल हैं। डॉ. गडरिया ने कलेक्टर मनीष सिंह और डॉ. तोमर ने एसडीएम अभिलाष मिश्रा पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है।