Home टॉप न्यूज़ दर्दनाक हादसाः नहर में गिरी यात्रियों से भरी बस, पांच महिलाओं सहित...

दर्दनाक हादसाः नहर में गिरी यात्रियों से भरी बस, पांच महिलाओं सहित 9 की मौत, 47 लोग थे सवार

गोदावरीः आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले के जंग रेड्डीगुडेम मंडल के जलेरू के निकट राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस पलटकर नहर में गिर गई। इस हादसे में पांच महिलाओं और वाहन चालक चिन्ना राव सहित नौ लोगों की मौत हो गई है। 11 लोगों को निकालकर अस्ताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने का ऐलान करने के साथ ही घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें..बेटे की हत्या के आरोप में मां गिरफ्तार, जंगल में मिला था क्षत-विक्षत शव

बताया गया कि राज्य परिवहन निगम के जंगा जंग रेड्डीगुडेम डिपो की बस अश्वराओपेटा से जंगारेड्डीगुडेम जा रही थी। बुधवार को लगभग 11 बजे नहर पार करते समय बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी। राज्य परिवहन निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस बस में 47 यात्री सवार थे। इनमें पांच महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हुई है। मृतकों में बस चालक भी शामिल है। स्थानीय लोगों और मछुआरों के सहयोग से छोटे नाव से कई लोगों को बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक केवल तीन यात्रियों की शिनाख्त हो चुकी है। अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

दुर्घटना पर राज्यपाल ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने पश्चिम गोदावरी जिले के जंगारेड्डीगुडेम मंडल में जलेरू के पास हुई इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

बस को निकालने के प्रयास जारी, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

जानकारी के अनुसार पुलिस और जिला प्रशासन राहत कार्य में जुटी है। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस रेलिंग को तोड़कर नहर में जा गिरी। स्थानीय लोगों और मछुआरों के सहयोग से छोटे नाव से कई लोगों को बचा लिया गया है। प्रशासन बस को नहर से निकालने के लिए क्रेन की मदद ले रहा है। बस में भी शव मिलने की आशंका है।

मृतकों के परिवार को मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने घटना की जांच के आदेश दिए है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के लिए हरसंभव प्रयास उठाने का भी आदेश दिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)

Exit mobile version