देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री Amit shah ने कहा कि खेलों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर गुजरात में शुरू हुआ खेलो इंडिया खेल और खिलाड़ियों के लिए संजीवनी बन गया है। आज पूरा देश खेलो इंडिया से जुड़कर खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ा रहा है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह शुक्रवार को हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
Amit shah ने धामी को दी बधाई
समापन के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय खेलों का ध्वज मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा को सौंपा। अगले राष्ट्रीय खेल वर्ष 2026 में मेघालय में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए उत्तराखंडवासियों के साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। इन राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन 28 जनवरी को देहरादून के महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि देवभूमि को अब खेल भूमि का दर्जा भी मिल गया है, लेकिन वास्तव में देवभूमि तभी खेल भूमि बनेगी, जब उत्तराखंड के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में पदक जीतेंगे।
500 से 3800 करोड़ हुआ खेल का बजट
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य ने राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर देशभर में ख्याति प्राप्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तराखंड में 11 स्थानों पर खेलों का आयोजन कर राज्य के खेल ढांचे को मजबूत किया गया है और इससे उत्तराखंड खेलों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 21वां स्थान प्राप्त किया था और अब वर्ष 2025 में पदक तालिका में उत्तराखंड ने सातवां स्थान प्राप्त कर गौरव प्राप्त किया है। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि धामी ने देवभूमि को खेल भूमि बना दिया है।
यह भी पढ़ेंः-CM Mann की मांग, दिल्ली में उतारी जाए अमेरिका से आने वाली फ्लाइट
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली थी, तब खेल बजट 500 करोड़ रुपये था और वर्ष 2025 में खेल बजट को बढ़ाकर 3800 करोड़ रुपये करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की जयंती है और वह उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज के दिन पुलवामा में 40 भारतीय जवान शहीद हुए थे। उन जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पड़ोसी देश को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत मजबूती के साथ खड़ा है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)